अपहरण के बाद हत्या, युवक का शव बरामद

मृतक जयंत सिंह ,फ़ोटो

बोकारो, 15 दिसंबर (Udaipur Kiran) . हरला थाना क्षेत्र के सेक्टर-8 से अपहृत युवक का हत्या करने का मामला सामने आया है. पुलिस ने अपहरण के बाद हत्या किए गए युवक का शव गिरिडीह जिले से बरामद किया है. आरोपित की निशानदेही पर पीरटांड़ थाना क्षेत्र के जलेबियाघाटी की खाई से शव बरामद किया गया. नगर उपाधीक्षक आलोक रंजन ने जानकारी देते हुये कहा कि सेक्टर-8/ए, आवास संख्या-2197 निवासी जयंत सिंह का 10 दिसंबर को अपहरण कर लिए जाने के संबंध में उनकी पत्नी अमृता सिंह ने 11 दिसंबर को हरला थाना में मामला (कांड संख्या-185/2025 )दर्ज कराई थी.

प्राथमिकी में विनोद कुमार उर्फ विनोद खोपड़ी और मुकेश राय को नामजद अभियुक्त बनाया गया था. इस मामले की जांच के दौरान बोकारो पुलिस ने 14 दिसंबर को भुवनेश्वर के एक होटल से मुख्य आरोपित विनोद कुमार को गिरफ्तार किया. इसके बाद उसे सड़क मार्ग से बोकारो लाया गया. पूछताछ के दौरान विनोद के बयान के आधार पर पुलिस ने गिरिडीह जिले से जयंत सिंह का शव बरामद किया. पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपित सहित संदेह के आधार पर कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया है. सभी आरोपितों से घटना के संबंध में गहन पूछताछ जारी है. वहीं वरीय पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.

(Udaipur Kiran) / अनिल कुमार

Leave a Comment