Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
HARYANA

रेवाड़ी के होटल में नौसेना जवान का मिला शव, पुलिस जांच में जुटी

शव को ले जाते हुए।

रेवाड़ी, 2 दिसंबर (Udaipur Kiran) । रेवाड़ी में मंगलवार को एक होटल में नौसेना के एक जवान का शव मिलने के बाद सनसनी फैल गई। जवान का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बाथरूम में पड़ा मिला। मृतक की पहचान महेंद्रगढ़ जिले के अटेली क्षेत्र स्थित गांव गढ़ी रूठल के करीब 25 वर्षीय हितेश के रूप में हुई है। सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा तोड़कर उसे बाहर निकाला। पुलिस जांच में जुटी हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार हितेश पिछले लगभग छह साल से नौसेना में कार्यरत थे और वर्तमान में केरल में तैनात थे। वह करीब 25 दिन की छुट्टी पर घर आए हुए थे। बताया जा रहा है कि हितेश की शादी इसी साल फरवरी माह में हुई थी। हितेश छुट्टी पूरी होने के बाद वापस ड्यूटी पर जाने के लिए रेवाड़ी पहुंचे थे। उन्हें कोई बस या ट्रेन नहीं मिली, जिसके कारण उन्होंने रात में रुकने के लिए अंबेडकर चौक स्थित एक होटल में कमरा लिया।

बावल डीएसपी सुरेंद्र श्योराण ने बताया कि हितेश ने बीती रात करीब साढ़े तीन बजे कमरा बुक किया था। कमरा सुबह 11 बजे तक खाली करना था, लेकिन तय समय तक भी दरवाजा नहीं खुला। होटल कर्मचारियों ने कई बार आवाज लगाई और दरवाजा खटखटाया लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद कर्मचारियों ने तुरंत मॉडल टाउन थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर मॉडल टाउन थाना पुलिस के साथ-साथ पुलिस के आला अधिकारी भी पहुंचे। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। अभी मौत के सही कारणों का पता नही लग पाया है। पुलिस जांच में जुटी हुई है।

—————

(Udaipur Kiran) / श्याम सुंदर शुक्ला

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *