शिमला : घास के 350 बंडल चुराने पर एफआईआर, विरोध पर जान से मारने की धमकी

शिमला, 05 दिसंबर (Udaipur Kiran) । जिला शिमला के चौपाल उपमंडल में घास चोरी करने और शिकायतकर्ता को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। यह मामला थाना चौपाल में अमर सिंह विरसांटा निवासी गांव कंडा की शिकायत पर दर्ज हुआ है।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि उनकी भूमि खसरा नंबर 220 से करीब 350 बंडल घास चोरी करके ले जाई गई। उन्होंने बताया कि यह घास विद्या देवी, शीला देवी, बिंदु देवी, बॉबी, लिखिल (हन्नी) और अन्य लोगों द्वारा वाहन नंबर HP63C-5118 में भरकर ले जाई गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रारंभिक जांच की और मौके पर भूमि की निशानदेही की। जांच के दौरान पाया गया कि खसरा नंबर 220 शिकायतकर्ता अमर सिंह की पत्नी के नाम दर्ज है। पुलिस ने इस आधार पर
भारतीय न्याय संहिता की धारा 329(3), 303(2), 351(2), 3(5) के तहत मामला दर्ज करते हुए आगे की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस मामले में शामिल लोगों से पूछताछ कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।
—————
(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा



