Skip to content
Saturday, 31 October 2026
BREAKING
ASSAM

सभी अहम नेताओं से चर्चा के बाद ही होगा गठबंधन पर फैसला : गौरव गोगोई

गौरव गोगोई

गुवाहाटी, 23 दिसंबर (Udaipur Kiran) । कांग्रेस नेता गौरव गोगोई ने मंगलवार को स्पष्ट किया कि असम में विपक्षी एकता मंच किसी एक नेता तक सीमित नहीं है और इसमें अखिल गोगोई के अलावा भी कई महत्वपूर्ण नेता शामिल हैं। उन्होंने कहा कि गठबंधन को लेकर कोई भी फैसला सभी सहयोगियों और नेताओं से चर्चा के बाद ही लिया जाएगा।

गौरव गोगोई के इस बयान को आगामी चुनावों से पहले विपक्षी गठबंधन की वकालत कर रहे राइजर दल के विधायक अखिल गोगोई के लिए झटका माना जा रहा है। गौरव गोगोई ने संकेत दिया कि गठबंधन के लिए उतावलेपन का कोई औचित्य नहीं है और सामूहिक निर्णय ही विपक्ष की मजबूती का आधार होगा। गौरव गोगोई आज एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

कांग्रेस नेता ने परोक्ष रूप से अखिल गोगोई पर कटाक्ष करते हुए कहा कि चुनाव से पहले ही निराशा में आकर आत्मसमर्पण जैसा रवैया अपनाना सही नहीं है। उल्लेखनीय है कि अखिल गोगोई ने बार-बार यह कहते आए हैं कि यदि विपक्षी दलों के बीच गठबंधन शीघ्र नहीं हुआ तो यह विपक्ष के लिए आत्मघाती फैसला साबित होगा।

हालांकि, एक बार फिर गौरव गोगोई के बयान ने राइजोर दल के विधायक को दरकिनार करते हुए यह स्पष्ट कर दिया कि कांग्रेस नेतृत्व किसी भी दबाव में आकर गठबंधन का निर्णय नहीं लेगा और सभी पहलुओं पर विचार के बाद ही आगे की रणनीति तय की जाएगी।

(Udaipur Kiran) / श्रीप्रकाश

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *