Skip to content
Saturday, 31 October 2026
BREAKING
SPORTS

दिल्ली कैपिटल्स ने डब्ल्यूपीएल 2026 से पहले जेमिमा रोड्रिग्स को बनाया कप्तान

भारतीय स्टार बल्लेबाज़ जेमिमा रोड्रिग्स

नई दिल्ली, 23 दिसंबर (Udaipur Kiran) । जेएसडब्ल्यू–जीएमआर की सह-मालिकाना वाली दिल्ली कैपिटल्स ने महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) 2026 सीजन से पहले भारतीय स्टार बल्लेबाज़ जेमिमा रोड्रिग्स को टीम का नया कप्तान नियुक्त किया है।

डब्ल्यूपीएल के पहले ही सीजन से दिल्ली कैपिटल्स का अहम हिस्सा रहीं जेमिमा रोड्रिग्स फ्रेंचाइज़ी की पहली नीलामी पसंद थीं। 25 वर्षीय जेमिमा ने हाल ही में भारत की ऐतिहासिक आईसीसी महिला विश्व कप जीत में अहम भूमिका निभाई थी। सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नाबाद 127 रन की शानदार पारी खेलते हुए उन्होंने 339 रनों के विश्व रिकॉर्ड लक्ष्य का पीछा कर भारत को यादगार जीत दिलाई थी।

दिल्ली कैपिटल्स के लिए जेमिमा अब तक 27 डब्ल्यूपीएल मुकाबलों में 507 रन बना चुकी हैं और उनका स्ट्राइक रेट 139.67 का रहा है। वह लीग के तीनों सत्रों के फाइनल में टीम का हिस्सा रही हैं। मैदान पर अपनी ऊर्जा, जोश और मुस्कान के लिए जानी जाने वाली जेमिमा ने दिल्ली कैपिटल्स के समर्थकों और भारतीय महिला टीम के प्रशंसकों के साथ एक खास जुड़ाव बनाया है।

दिल्ली कैपिटल्स के सह-मालिक और जेएसडब्ल्यू स्पोर्ट्स के संस्थापक पार्थ जिंदल ने कहा, “जेमिमा पहले दिन से हमारे साथ हैं और हमें हमेशा भरोसा था कि वह एक दिन इस टीम की कप्तानी करेंगी। आईसीसी महिला विश्व कप सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उनकी पारी प्रेरणादायक थी। हमें पूरा विश्वास है कि वह इस भूमिका में शानदार प्रदर्शन करेंगी और तीन लगातार फाइनल के बाद टीम को खिताब दिलाने में मदद करेंगी।”

दिल्ली कैपिटल्स के चेयरमैन और सह-मालिक किरण कुमार ग्रांधी ने कहा, “डब्ल्यूपीएल की शुरुआत से ही जेमिमा हमारी टीम की पहली पसंद रही हैं। उनकी नेतृत्व क्षमता, ऊर्जा और टीम के साथ जुड़ाव उन्हें एक स्वाभाविक कप्तान बनाता है।”

अपनी नियुक्ति पर जेमिमा रोड्रिग्स ने कहा, “दिल्ली कैपिटल्स की कप्तान बनना मेरे लिए बहुत बड़ा सम्मान है। यह टीम मेरा परिवार है और मैं डब्ल्यूपीएल 2026 में एक सफल अभियान की शुरुआत को लेकर बेहद उत्साहित हूं।”

जेमिमा रोड्रिग्स अब तक भारत के लिए 113 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 2,444 रन बना चुकी हैं, जबकि 59 वनडे मैचों में उन्होंने 1,749 रन बनाए हैं।

दिल्ली कैपिटल्स डब्ल्यूपीएल 2026 में अपना पहला मुकाबला शनिवार, 10 जनवरी को नवी मुंबई में मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेलेगी।

—————

(Udaipur Kiran) दुबे

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *