दिल्ली मेट्रो का किराया बढ़ा: न्यूनतम 11 और अधिकतम 64 रुपये, जानिए नई दरें

नई दिल्ली, 25 अगस्त (Kiran News)। दिल्ली मेट्रो में सफर करने वाले यात्रियों को अब अपनी जेब पहले से ज्यादा ढीली करनी पड़ेगी, क्योंकि सोमवार से दिल्ली मेट्रो का किराया बढ़ा दिया गया है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने इस बार किराए में मामूली बढ़ोतरी की है। यात्रा की दूरी के हिसाब से किराए में 1 से 4 रुपये तक की वृद्धि की गई है, जबकि एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर अधिकतम 5 रुपये तक का इजाफा किया गया है।
डीएमआरसी अधिकारियों के अनुसार, नया किराया दूरी के आधार पर लागू किया गया है। किराए में बदलाव करते समय यात्रियों पर अतिरिक्त बोझ न पड़े, इसका भी विशेष ध्यान रखा गया है।
अब दिल्ली मेट्रो का न्यूनतम किराया 11 रुपये और अधिकतम किराया 64 रुपये कर दिया गया है। इससे पहले 24 अगस्त तक न्यूनतम किराया 10 रुपये और अधिकतम 60 रुपये था। डीएमआरसी ने पिछली बार 2017 में चौथी किराया निर्धारण समिति की सिफारिशों पर किराए में संशोधन किया था।



