Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

घने कोहरे ने बढ़ाई मुश्किलें, सीकर में स्कूल बस–एंबुलेंस की टक्कर, चालक की मौत

हादसा सीकर

जयपुर, 23 दिसंबर (Udaipur Kiran) । राजस्थान में लगातार छाए घने कोहरे से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मंगलवार सुबह सीकर जिले के फतेहपुर क्षेत्र में घने कोहरे के कारण स्कूल बस और एंबुलेंस की आमने–सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में एंबुलेंस चालक की मौके पर ही जान चली गई।

प्रदेश के 10 से अधिक जिलों में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा। पाकिस्तान सीमा से लगे जिलों में दृश्यता कई स्थानों पर 30 मीटर से भी कम दर्ज की गई। बीकानेर में विजिबिलिटी 30 मीटर से नीचे रही, जबकि जैसलमेर में यह करीब 20 मीटर तक सिमट गई, जिससे सड़क यातायात प्रभावित हुआ।

सीकर के फतेहपुर थाना क्षेत्र में ठेढ़ी–सांझसर गांव के बीच फतेहपुर–रामगढ़ स्टेट हाईवे पर सुबह करीब 8.30 बजे यह दुर्घटना हुई। सदर थाना के कांस्टेबल राकेश कुमार ने बताया कि एमआरजे स्कूल की बस गांवों से बच्चों को लेकर फतेहपुर की ओर आ रही थी। इसी दौरान घने कोहरे के कारण सामने से आ रही एंबुलेंस दिखाई नहीं दी और दोनों वाहनों में जोरदार टक्कर हो गई।

कांस्टेबल राकेश कुमार के अनुसार टक्कर में एंबुलेंस चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे निजी वाहन से फतेहपुर स्थित राजकीय धानुका उप जिला अस्पताल के ट्रोमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान रामू माली (25) निवासी वामनपुरा, करसाई (करौली) के रूप में हुई है।

मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में घने कोहरे और शीतलहर की संभावना जताते हुए वाहन चालकों को सावधानी बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।

—————

(Udaipur Kiran)

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *