Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
ENTERTAINMENT

बॉक्स ऑफिस पर ‘धुरंधर’ ने तोड़े कई रिकॉर्ड, आमिर खान की ‘दंगल’ को छोड़ा पीछे

रणवीर सिंह - फोटो सोर्स एक्स

अभिनेता रणवीर सिंह की हालिया रिलीज फिल्म ‘धुरंधर’ दिसंबर 2025 में किसी जश्न से कम नहीं मानी जा रही है। बॉक्स ऑफिस पर फिल्म ने जिस तरह से सुनामी मचाई है, वैसी उम्मीद शायद खुद रणवीर को भी नहीं रही होगी। वीकेंड के बाद भी फिल्म की कमाई में कोई गिरावट नहीं आई और कारोबारी दिनों में भी ‘धुरंधर’ ताबड़तोड़ कलेक्शन कर रही है। इसी रफ्तार के साथ फिल्म ने आमिर खान का 6 साल पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है। 5 दिसंबर को रिलीज हुई यह फिल्म लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है।

सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार ‘धुरंधर’ ने रिलीज के 12वें दिन करीब 30 करोड़ रुपये की कमाई की। इसके साथ ही मंगलवार की आधी रात तक फिल्म का कुल घरेलू कलेक्शन 411.25 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। इतना ही नहीं, ‘धुरंधर’ दूसरी ही हफ्ते में 400 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने वाली पहली और इकलौती हिंदी फिल्म बन गई है। घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 400 करोड़ नेट कलेक्शन करने वाली यह सातवीं बॉलीवुड फिल्म भी बन चुकी है।

घरेलू बॉक्स ऑफिस पर ‘धुरंधर’ ने आमिर खान की सुपरहिट फिल्म ‘दंगल’ (387 करोड़) का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। साथ ही इसने रजनीकांत की ‘2.0’ (407 करोड़) और प्रभास की ‘सालार’ (406 करोड़) को भी पीछे छोड़ दिया है। वर्ल्डवाइड कलेक्शन की बात करें तो फिल्म 550 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुकी है और अब यह सबसे ज्यादा कमाई करने वाली 23वीं हिंदी फिल्म बन गई है। रणवीर सिंह के साथ फिल्म में अक्षय खन्ना, संजय दत्त, आर. माधवन, अर्जुन रामपाल, सारा अर्जुन और राकेश बेदी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। मजबूत कहानी और शानदार अभिनय के दम पर ‘धुरंधर’ बॉक्स ऑफिस पर अपना दबदबा बनाए हुए है।

—————

(Udaipur Kiran) / लोकेश चंद्र दुबे

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *