निशक्त खिलाड़ी चंदा सांखला ने गोल्ड मेडल जीतकर बढ़ाया जोधपुर का मान

जोधपुर, 29 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । जिले की होनहार निशक्त खिलाड़ी चंदा सांखला ने स्टेट पैरा एथलेटिक्स प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण एवं एक कांस्य पदक जीतकर जोधपुर जिले का नाम रोशन किया है। यह प्रतियोगिता महाराजा गंगा सिंह स्टेडियम, श्रीगंगानगर में आयोजित की गई।
प्रतियोगिता के दौरान चंदा सांखला ने शॉट पुट में गोल्ड मेडल तथा पैरा जैवलिन थ्रो में ब्रॉन्ज मेडल हासिल कर यह सिद्ध कर दिया कि मजबूत इच्छाशक्ति और कड़ी मेहनत के सामने कोई भी बाधा टिक नहीं सकती। चोखा निवासी चंदा सांखला दोनों हाथ-पैरों से निशक्त होने के बावजूद निरंतर अभ्यास और समर्पण के साथ आगे बढ़ रही हैं। वर्तमान में वे सत्य प्रेम करुणा सेवा संस्थान में रहकर शिक्षा ग्रहण करने के साथ-साथ खेल प्रशिक्षण भी प्राप्त कर रही हैं। संस्थान अध्यक्ष हुकमाराम भाटी ने बताया कि चंदा की मेहनत, अनुशासन और लगन ही उनकी इस सफलता की सबसे बड़ी वजह है।
(Udaipur Kiran) / सतीश



