Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
MADHYA PRADESH

महाकाल मंदिर में पुजारी और संत के बीच विवाद

कलेक्टर को ज्ञापन देते साधु संत

उज्जैन, 22 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । मध्य प्रदेश के उज्जैन में महाकालेश्वर मंदिर में बुधवार को नया विवाद सामने आया। ऋण मुक्तेश्वर महादेव मंदिर के गादीपति महंत महावीर नाथ और गोरखपुर के महंत शंकर नाथ ने आरोप लगाया कि उनके साथ महेश शर्मा ने गर्भगृह में अभद्रता की और हाथापाई की। साथ ही देख लेने की धमकी दी। इधर महेश शर्मा ने भी अभद्रता और हाथापाई का आरोप लगाया। इस बीच एक सीसीटीवी फुटेज भी वायरल हो गया। यह सब जब चल रहा था, दर्शन करने आए श्रद्धालु ठगे से माजरा देख रहे थे।

मंदिर प्रबंध समिति के सूत्रों का दावा है कि बुधवार प्रात: जब ऋण मुक्तेश्वर महादेव मंदिर के गादीपति महंत महावीर नाथ और गोरखपुर के महंत शंकर नाथ जब महाकाल मंदिर गर्भगृह में दर्शन करने पहुंचे तो वहां उपस्थित महेश शर्मा ने उनके गणवेश को लेकर आपत्ति ली। इस पर विवाद शुरू हो गया, जोकि कथित हाथापाई और देख लेने की धमकी तक पहुंच गया। इस बीच अश्लील गालियों की आवाजें भी भक्तों को सुनाई दे रही थी। नंदी सभा मण्डप में उपस्थित निजी सुरक्षाकर्मियों ने दोनों पक्षों को अलग किया और मामला शांत करवाया। हालांकि इसके बाद दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ शिकायती पत्र प्रशासक-प्रशासन को सौपा। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि गर्भगृह में विवाद के दौरान हाथापाई के बीच महेश शर्मा जमीन पर गिर पड़े।

रामेश्वर दास के यहां हुए एकत्रित

घटनाक्रम को लेकर महावीर नाथ ने जब साधु-संतों को जानकारी दी तो सभी साधु-संत स्थानीय अखाड़ा परिषद् के अध्यक्ष रामेश्वर दास के यहां एकत्रित हुए ओर यहां इनकी एक बैठक भी हुई।

इनका कहना है……

* मौके पर महेश शर्मा का आरोप था कि बुधवार सुबह के समय महावीर नाथ ने चोंगा पहनकर,सिर पर फेटा बांधकर मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश किया। हमने उन्हे मंदिर के नियम बताए तो वे अभद्रता करने लगे। अश्लील शब्द कहने से मना किया तो उन्होने मैरे साथ धक्कामुक्की की। गर्भगृह से बाहर आकर भी अभद्रता की ओर देख लेने की धमकी दी। प्रशासक को शिकायत की है।

* महंत महावीर नाथ का आरोप था कि बुधवार सुबह मंदिर गर्भगृह में दर्शन करने पहुंचे तो महेश शर्मा ने उनके साथ और शंकर नाथ के साथ अभद्रता की। हमने समझाने की कोशिश की तो भी वे नहीं माने। साधु-संतो के साथ प्रशासक और प्रशासन को ज्ञापन दिया है। पत्र में उल्लेख किया कि प्रात: 8 बजे दर्शन करने पहुंचा तो गर्भगृह में उपस्थित महेश पुजारी और अन्यों ने मेरे साथ अत्यंत अभद्र व्यवहार किया। धक्का मुक्की करते हुए मुझें जबरन गर्भगृह के बाहर निकाल दिया। मांग की है कि सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से जांच करके उचित निर्णय एवं आवश्यक कार्रवाई करने का कष्ट करें।

* इस संबंध में प्रशासक प्रथम कौशिक ने कहा कि गर्भगृह में जो घटनाक्रम हुआ है,उस संबंध में दोनों पक्षों के शिकायती पत्र प्राप्त हुए हैं। पूरे मामले की जांच की जाएगी। इसके बाद जो दोषी पाया जाएगा,उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

—————

(Udaipur Kiran) / ललित ज्‍वेल

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *