Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
WEST BENGAL

कल्पतरु मेल को लेकर तृणमूल के दो गुटों में विवाद

तृणमूल कांग्रेस

आसनसोल, 18 दिसंबर (Udaipur Kiran) ।

दुर्गापुर के ऐतिहासिक और प्रतिष्ठित कल्पतरु मेला को लेकर तृणमूल कांग्रेस के दो गुटों के बीच सत्ता और नियंत्रण की जंग खुलकर सामने आ गई है। मेला संचालन को लेकर पैदा हुए इस टकराव ने पूरे माहौल को तनावपूर्ण बना दिया है। हालात ऐसे हैं कि बुकिंग कार्यालय खुलने के बावजूद अब तक बुकिंग शुरू नहीं हो सकी, जिससे व्यापारी सबसे ज्यादा परेशान हैं। स्थिति पर पुलिस लगातार नजर बनाए हुए है। करीब 57 वर्ष पुराने कल्पतरु मेले की शुरुआत आगामी एक जनवरी से दुर्गापुर के गैमोन मैदान में होनी है।

हाल ही में खंभा पूजा संपन्न होने के बाद दुर्गापुर सांस्कृतिक मेला समिति की ओर से पास में ही एक बुकिंग काउंटर खोला गया। लेकिन हैरानी की बात यह है कि वहां मौजूदा समिति का कोई भी सदस्य मौजूद नहीं है। इसके बजाय पुराने समिति के सदस्य ही बुकिंग काउंटर पर दिखाई दे रहे हैं। इसी को लेकर दोनों गुटों के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है।

इस पूरे मामले को लेकर आयोजन समिति की वर्तमान अध्यक्ष और दुर्गापुर नगर निगम के प्रशासक मंडल की चेयरपर्सन अनिंदिता मुखर्जी ने राज्य के पंचायत, ग्रामीण विकास एवं सहकारिता मंत्री प्रदीप मजूमदार से औपचारिक शिकायत की है। इस विवाद को लेकर सियासी बयानबाज़ी भी तेज हो गई है। भाजपा ने तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है।

बर्धमान संगठनात्मक जिला भाजपा के उपाध्यक्ष चंद्रशेखर बनर्जी ने कहा कि जिस दिन से कल्पतरु मेला दुर्गापुर नगर निगम के हाथ में गया है, उसी दिन से गुटबाज़ी शुरू हो गई। तृणमूल का एक गुट कहता है कि हमारे पास बुकिंग कराओ, दूसरा गुट भी वही दावा करता है। हालात ऐसे हैं कि खुद चेयरपर्सन को पुलिस में शिकायत दर्ज करानी पड़ रही है।

मंत्री प्रदीप मजूमदार ने कहा कि मुझे जानकारी मिली है कि मेले को लेकर असहज स्थिति बनी हुई है। पहले ही कहा था कि अगर समस्या हो तो टेंडर प्रक्रिया के ज़रिए काम कराया जाना चाहिए। अब इस बात पर विचार किया जा रहा है कि समस्या का जल्द से जल्द समाधान कैसे निकाला जाए। इस राजनीतिक खींचतान में व्यापारी बुरी तरह फंस गए हैं।

एक व्यापारी संतानु मिश्रा ने कहा कि हमें समझ ही नहीं आ रहा कि बुकिंग किसके पास करायेंगे। हम भारी परेशानी में हैं। जरूरत पड़ी तो हम एसडीओ और जिलाधिकारी से शिकायत करेंगे।

—————

(Udaipur Kiran) / संतोष विश्वकर्मा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *