Skip to content
Saturday, 31 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

सुशासन—विकास और विश्वास की जीवंत झलक है जिला विकास पुस्तिका: जोगाराम पटेल

सुशासन—विकास और विश्वास की जीवंत झलक है जिला विकास पुस्तिका: जोगाराम पटेल

जयपुर, 23 दिसंबर (Udaipur Kiran) । जयपुर जिला कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को जयपुर जिले की जिला विकास पुस्तिका के विमोचन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला प्रभारी मंत्री जोगाराम पटेल ने जिला सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय, जयपुर द्वारा प्रकाशित जिला विकास पुस्तिका का विमोचन किया। इस अवसर पर जिला कलेक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

विमोचन समारोह को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा कि “बढ़ता राजस्थान–हमारा राजस्थान” केवल एक नारा नहीं, बल्कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति, सुशासन की सोच और जनकल्याण के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का सशक्त प्रतीक है। यह पुस्तिका सरकार की विकास यात्रा, उपलब्धियों और जनहितकारी निर्णयों का समग्र दस्तावेज है।

उन्होंने कहा कि जयपुर जिला प्रशासन ने भी सुशासन की दिशा में नवाचारों के माध्यम से उल्लेखनीय कार्य किए हैं। रास्ता खोलो अभियान,नरेगा आखर अभियान और बिटिया गौरव पेटी अभियान जैसे अभिनव प्रयासों ने आमजन के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। ये पहलें प्रशासन की संवेदनशीलता,जवाबदेही और जन-भागीदारी की भावना को दर्शाती हैं।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि पिछले दो वर्षों में राजस्थान ने विकास की नई गति, विश्वसनीय शासन व्यवस्था और सशक्त जनभागीदारी के साथ अपनी एक नई पहचान बनाई है। किसान, युवा, महिला, श्रमिक और उद्यमी—समाज का कोई भी वर्ग ऐसा नहीं रहा जिसकी आकांक्षाओं को केंद्र में रखकर सरकार ने ठोस और परिणामोन्मुखी निर्णय न लिए हों। आज राजस्थान नव-उत्थान से नव-प्रतिमान की ओर अग्रसर है और विकास के प्रत्येक सूचकांक पर सशक्त एवं समावेशी प्रगति दर्ज कर रहा है।

उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार के ये दो वर्ष सुशासन, विकास और विश्वास के दो वर्ष रहे हैं, जिन्होंने प्रदेश की दिशा और दशा बदलने की मजबूत नींव रखी है। सरकार का यह कार्यकाल चहुंमुखी विकास और जन-जन के कल्याण को समर्पित रहा है, जिसमें समाज के हर वर्ग को साथ लेकर आगे बढ़ने का स्पष्ट संकल्प दिखाई देता है।

जोगाराम पटेल ने कहा कि पिछले दो वर्षों की उपलब्धियां यह प्रमाणित करती हैं कि राजस्थान सरकार केवल घोषणाओं की नहीं, बल्कि परिणाम देने वाली सरकार है। शासन व्यवस्था विश्वास, पारदर्शिता और जवाबदेही के मूल मंत्र पर कार्य कर रही है। सरकार का संकल्प है कि विकास की धारा अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे, किसान आत्मनिर्भर बने, महिलाएं सुरक्षित एवं सशक्त हों, युवा रोजगार से जुड़ें और प्रदेश की अर्थव्यवस्था नई ऊंचाइयों को छुए। आने वाले वर्षों में भी राजस्थान सरकार सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के मंत्र के साथ “बढ़ते राजस्थान” की विकास यात्रा को और अधिक सशक्त, तीव्र एवं समावेशी बनाएगी।

इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर मुकेश मूंड, उपनिदेशक जनसंपर्क हेमंत सिंह, सहायक जनसंपर्क अधिकारी नरेन्द्र सिंह शेखावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

—————

(Udaipur Kiran)

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *