Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
MADHYA PRADESH

अनूपपुर: स्वरोजगार योजनाओं का ज्यादा से ज्यादा हितग्राहियों को दिलाएं लाभ- संभागायुक्त

योजनाओं के प्रगति का किया समीक्षा बैठक

अनूपपुर, 19 दिसंबर (Udaipur Kiran) । शहडोल संभागायुक्त सुरभि गुप्ता ने कहा कि स्वरोजगार योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक हितग्राहियों तक पहुंचाया जाए। अधिकारी स्वयं क्षेत्र भ्रमण कर स्वरोजगार योजनाओं के स्वीकृत प्रकरणों की समीक्षा करें तथा बैंक अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर प्रकरणों को शीघ्र स्वीकृत कराकर हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाएं। उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों को फल, मसाला एवं सब्जी उत्पादन आधारित उद्यानिकी फसलों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित करें तथा विभागीय योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक किसानों को लाभान्वित करें।

शहडोल संभागायुक्त सुरभि गुप्ता शुक्रवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय के नर्मदा सभागार में आयोजित बैठक में अधिकारियों के निर्देशित कर रही थीं। उन्होंने उद्यानिकी विभाग द्वारा संचालित पीएमएफएमई योजना के अंतर्गत स्वीकृत प्रकरणों के संबंध में सहायक संचालक उद्यानिकी से जानकारी प्राप्त की। इस पर सहायक संचालक उद्यानिकी ने बताया कि योजना के अंतर्गत कुल 106 प्रकरण बैंकों को भेजे गए हैं, जिनमें से 15 प्रकरणों का निराकरण किया जा चुका है, जबकि शेष प्रकरण लंबित हैं। इस पर संभागायुक्त ने सहायक संचालक उद्यानिकी एवं जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक को आपसी समन्वय स्थापित कर लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करते हुए उन्हें स्वीकृत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना ठोस कारण के किसी भी प्रकरण को अस्वीकृत न किया जाए।

संभागायुक्त ने पशुपालन विभाग के अधिकारियों से कहा कि दुधारू पशुओं के माध्यम से किसानों की आय में वृद्धि के प्रयास किए जांए, जिससे किसानों के जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन आए और जिले में दुग्ध उत्पादन को भी बढ़ावा मिले। उन्होंने कहा कि सभी विभागीय योजनाओं का संचालन पूरी गंभीरता, संवेदनशीलता और मनोयोग से किया जाए, ताकि योजनाओं का वास्तविक लाभ पात्र हितग्राहियों तक सुनिश्चित रूप से पहुंच सके। जिले की गौशालाओं की स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान पशुपालन विभाग के उप संचालक ने जानकारी दी कि जिले में कुल 29 गौशालाएं हैं, जिनमें से 13 गौशालाएं वर्तमान में कार्यरत हैं। शेष गौशालाओं में पानी एवं बिजली की व्यवस्था नहीं होने के कारण संचालन प्रारंभ नहीं हो पाया है, जिन पर आवश्यक कार्य प्रगतिरत है तथा शीघ्र ही उन्हें प्रारंभ कर लिया जाएगा।

संभागायुक्त ने दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान 2.0 के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इस पर उप संचालक पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा बताया गया कि यह अभियान 17 दिसंबर से प्रारंभ हो गया है। अभियान अंतर्गत जिले के 539 लक्षित ग्राम शामिल हैं। संभागायुक्त ने गौशालाओं हेतु चरनोई भूमि की उपलब्धता के संबंध में भी जानकारी पर अधिकारियों द्वारा बताया गया कि जिले में लगभग 130 एकड़ भूमि चिन्हित किए जाने की प्रक्रिया जारी है। बैठक में चिलिंग प्लांट बिजुरी, डॉ. भीमराव अम्बेडकर कामधेनु योजना सहित अन्य विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

संभागायुक्त ने मत्स्य विभाग के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान उन्होंने स्मार्ट फिश पार्लर योजना के संबंध में जानकारी प्राप्त की। मत्स्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में कुल 13 स्मार्ट फिश पार्लर तैयार किए जा रहे हैं, जिनमें से जैतहरी, किरगी एवं पसान में 3 पार्लर पूर्ण हो चुके हैं, जबकि शेष 10 पार्लरों का कार्य प्रगतिरत है। मत्स्य उद्योग के अंतर्गत मत्स्य विक्रय व्यवस्था एवं विभिन्न कार्य योजनाओं की भी विधिवत समीक्षा की तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। इसी प्रकार कमिश्नर ने कृषि विभाग के योजनाओं एवं कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।

(Udaipur Kiran) / राजेश शुक्ला

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *