Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

दिवाली पर सफर की मारामारी: रेल-बस दोनों में भारी भीड़

दिवाली पर सफर की मारामारी: रेल-बस दोनों में भारी भीड़

जयपुर, 18 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । दिवाली पर घर पहुंचने की उत्सुकता में यात्रियों की भारी भीड़ बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों पर उमड़ पड़ी है। जयपुर से विभिन्न जिलों और राज्यों के लिए चलने वाली बसों में सीटें फुल हो चुकी हैं, वहीं कई ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट सौ के पार पहुंच गई है।

रोडवेज और रेलवे प्रशासन दोनों के लिए सकुशल सेवाओं का संचालन इस समय बड़ी चुनौती बन गया है। रोडवेज मुख्यालय के अनुसार त्योहारी सीजन में प्रतिदिन हजारों यात्री अतिरिक्त बसों की मांग कर रहे हैं। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रोडवेज ने कुछ प्रमुख रूटों पर अतिरिक्त बसें संचालित करने की योजना बनाई है, लेकिन भीड़ के आगे यह व्यवस्था भी नाकाफी साबित हो रही है।

जयपुर सिंधी कैंप सहित अन्य बस स्टैंडों पर टिकट काउंटरों पर लंबी कतारें लगी हुई हैं। कई यात्रियों को खड़े होकर या डबल किराए पर निजी वाहनों से सफर करना पड़ रहा है।

यहां के लिए अतिरिक्त बसों का संचालन

इधर बस यात्रा करने वालों की भीड़ देखते हुए राजस्थान रोडवेज ने जयपुर से दिल्ली, आगरा,उत्तर प्रदेश, उदयपुर, सीकर, भीलवाड़ा और गंगानगर सहित कई मार्गों पर अतिरिक्त बसों का संचालन शुरू किया है। प्रमुख बस अड्डों पर यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए कंट्रोल रूम और अतिरिक्त टिकट काउंटर भी बनाए गए हैं।

जयपुर जंक्शन पर यात्रियों की उमड़ी भारी भीड़

दिवाली के नजदीक आते ही घर लौटने वालों की भीड़ ने रेलवे स्टेशनों पर चुनौतीपूर्ण बना दिया है। जयपुर जंक्शन पर शनिवार को आम दिनों की तुलना में करीब डेढ़ गुना ज्यादा यात्री भार देखा गया। प्लेटफॉर्मों पर यात्रियों की लंबी कतारें और भारी भीड़ के चलते स्टाफ को अतिरिक्त व्यवस्था करनी पड़ी।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार जयपुर से दिल्ली, कोटा, अजमेर, जोधपुर, बीकानेर, सीकर और मुंबई की ओर जाने वाली लगभग सभी ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट 100 के पार पहुंच चुकी है। यात्री किसी तरह घर पहुंचने की कोशिश में हैं।

त्योहारी सीजन को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे प्रशासन ने कई रूटों पर स्पेशल ट्रेन शुरू करने की घोषणा की है, ताकि यात्रियों को राहत मिल सके। इसके बावजूद भीड़ का दबाव कम नहीं हो रहा है।

रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी की अतिरिक्त टीमें स्टेशन पर तैनात की गई है ताकि यात्रियों की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन में कोई दिक्कत न हो।

—————

(Udaipur Kiran)

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *