Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
WEST BENGAL

शेख शाहजहां मामले के गवाह वाहन से टकराने वाले ट्रक का खलासी गिरफ्तार

सन्देशखाली के निलम्बित तृणमूल कांग्रेस नेता शेख शाहजहां

कोलकाता, 14 दिसंबर (Udaipur Kiran) । संदेशखाली के शाहजहां शेख मामले के प्रमुख गवाह भोला घोष की कार से टकराने वाले ट्रक के खलासी को नजत थाने की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का दावा है कि उस ट्रक का स्थायी खलासी गोलाम होसेन मोल्ला है। हालांकि, घटना के दिन वह ट्रक में था या नहीं, इसकी जांच पुलिस कर रही है। अब तक इस घटना में तीन लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। हालांकि, अभी तक हत्यारे ट्रक का ड्राइवर फरार है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, रविवार को गोलाम को हसनाबाद थाने के खरमपुर इलाके से गिरफ्तार किया गया। उस ट्रक के बारे में जानकारी जुटाने के दौरान पुलिस को गोलाम के बारे में पता चला। उसके बाद से उसके मोबाइल पर निगरानी रखी जा रही थी। उसके मोबाइल टॉवर की लोकेशन की जानकारी के आधार पर पुलिस ने गोलाम को गिरफ्तार किया।

हालांकि, वह उस ट्रक का खलासी है, लेकिन उस दिन वह ट्रक में था या नहीं, यह स्पष्ट नहीं है। गिरफ्तार गोलाम की मां साहिला बीबी ने कहा कि जिस दिन की घटना की बात हो रही है, उस दिन गोलाम गाड़ी में नहीं गया था। यहां तक कि इलाके में भी नहीं था।

दरअसल गत बुधवार सुबह भोला का चार पहिया वाहन बसंती हाईवे पर दुर्घटना का शिकार हो गया। विपरीत दिशा से आ रहे एक ट्रक से टक्कर के बाद गाड़ी सड़क के किनारे जलाशय में जा गिरी। लॉरी भी पानी में गिर गई। घटनास्थल पर ही गाड़ी चालक और भोला के छोटे बेटे की मौत हो गई। दुर्घटना में भोला भी गंभीर रूप से घायल हो गए।

भोला का आरोप है कि शाहजहां मामले में गवाह होने के कारण ही उन्हें मारने की साजिश रची गई थी। भोला के बड़े बेटे का दावा है कि शाहजहां के खिलाफ गवाही न दे सकें, इसलिए उनके पिता को मारने की कोशिश की गई। दुर्घटना में भोला ने अपने छोटे बेटे को खो दिया। बुधवार की घटना के बाद गुरुवार को उन्होंने राजबाड़ी पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई।

शनिवार को इस घटना में दो लोगों को नजत थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया था। इनमें उत्तम सरदार उर्फ सुशांत शामिल हैं। पिछले साल शाहजहां के घर पर ईडी पर हमले के आरोप में उन्हें गिरफ्तार किया गया था। इसके अलावा, रुहुल कुद्दुस शेख नामक एक अन्य व्यक्ति को भी पुलिस ने पकड़ा था। रविवार को गोलाम को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपित को रविवार को ही बशीरहाट सब-डिवीजनल कोर्ट में पेश किया गया। अदालत ने उसे आठ दिन की पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया है।

हालांकि, ट्रक का ड्राइवर अभी भी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

—————

(Udaipur Kiran) / धनंजय पाण्डेय

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *