Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
HARYANA

दिल्ली-मुंबई-वडोदरा एक्सप्रेसवे पर क्रेटा गाड़ी में लगी आग, ड्राइवर ने परिवार को सुरक्षित निकाला

एक्सप्रेसवे पर गाड़ी में लगी आग का दृश्य।

फरीदाबाद, 6 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । हरियाणा के फरीदाबाद जिले में गांव सीकरी के पास दिल्ली-मुंबई-वडोदरा एक्सप्रेसवे पर एक क्रेटा गाड़ी में अचानक आग लग गई। गाड़ी में आग लगने के समय उसमें ड्राइवर की पत्नी और तीन बच्चे बैठे हुए थे। गाड़ी के इंजन से जैसे ही धूंआ निकलना शुरू हुआ, ड्राइवर ने सभी को गाड़ी से बाहर निकाल लिया। जिसके चलते एक बड़ा हादसा होने से टल गया। गांव खंदावली के रहने वाले सरवर खान ने बताया कि वह सोहना अपनी रिश्तेदारी में जा रहा था। उसके साथ गाड़ी में उसकी पत्नी, बेटी मायरा (10), बेटा अरशद (7) और बेटी इंशा (4) बैठी हुई थी। जैसे ही वो नेशनल हाईवे से दिल्ली-मुंबई-वडोदरा एक्सप्रेसवे पर सोहना की तरफ जाने के लिए चढ़े, गाड़ी के इंजन से धुआं निकलना शुरू हो गया। धुआं निकलते ही उसने पत्नी और बच्चे को बाहर निकाल लिया। कुछ ही समय बाद गाड़ी में आग लग गई। सरवर खान ने बताया कि देखते ही देखते पूरी गाड़ी आग का गोला बन गई। उसने डायल 112 पर पुलिस को मामले की सूचना दी। जिसके बाद पुलिस और फायर बिग्रेड की गाड़ी मौके पर पहुंच गई और आग पर काबू पाया गया। आग में जलने से पूरी गाड़ी खत्म हो गई। सीकरी पुलिस चौकी में तैनात एएसआई नरेन्द्र ने बताया कि गाड़ी में आग लगने से जान की कोई हानि नहीं हुई है। ड्राइवर ने समय रहते सभी को बाहर निकाल लिया था। फायर बिग्रेड ने आकर आग पर काबू पा लिया। गाड़ी में आग किस कारण से लगी है, इसका अभी पता नहीं चला है।

—-

(Udaipur Kiran) / -मनोज तोमर

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *