पश्चिम बंगाल में शुष्क मौसम बरकरार, अगले दिनों में बढ़ेगी ठंड

कोलकाता, 20 दिसंबर (Udaipur Kiran) ।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शनिवार को बताया कि पश्चिम बंगाल में अगले पांच दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा और इस दौरान न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। हालांकि, इसके बाद के दो दिनों में न्यूनतम तापमान में लगभग दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
आईएमडी के बुलेटिन के अनुसार, रविवार को राज्य के सभी जिलों में एक-दो स्थानों पर हल्का कोहरा (शैलो फॉग) छाए रहने की संभावना है।
शनिवार सुबह पहाड़ी इलाकों में ठंड का असर स्पष्ट रूप से देखा गया। दार्जिलिंग में न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस, जबकि कालिम्पोंग में 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
उत्तर बंगाल के मैदानी इलाकों में अलीपुरद्वार में सबसे कम न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके बाद पुरुलिया में 11 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ।
राज्य की राजधानी कोलकाता में न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
अन्य स्थानों में बर्दवान (11.6 डिग्री), श्रीनिकेतन (11.9 डिग्री) और बांकुड़ा (12.4 डिग्री सेल्सियस) में भी तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में सुबह-शाम ठंड का असर और बढ़ सकता है, जबकि दिन में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
—————
(Udaipur Kiran) / अभिमन्यु गुप्ता



