Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
WEST BENGAL

कोलकाता में दुर्गा पूजा पर बारिश का साया, शनिवार से मौसम बिगड़ने की संभावना

बारिश

कोलकाता, 25 सितम्बर (Udaipur Kiran News) । दुर्गा पूजा की शुरुआत से ठीक पहले कोलकाता और दक्षिण बंगाल के कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने गुरुवार को जानकारी दी कि बंगाल की खाड़ी में नया कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है, जिस कारण शनिवार से कोलकाता सहित आसपास के जिलों में बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार से रविवार तक दक्षिण बंगाल में गरज-चमक के साथ बारिश और आंधी जारी रहेगी। हालांकि शनिवार तक भारी वर्षा की आशंका नहीं जताई गई है।

अधिकारियों ने बताया कि म्यांमार तट के पास बंगाल की खाड़ी में एक चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है, जो पश्चिम की ओर बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से उत्तर बंगाल की खाड़ी में नया कम दबाव क्षेत्र बनेगा, जो शुक्रवार तक डिप्रेशन का रूप ले सकता है। वहीं 30 सितम्बर (अष्टमी) के आसपास खाड़ी में एक और चक्रवाती परिसंचरण बनने की संभावना जताई गई है।

शुक्रवार से कोलकाता, हावड़ा, हुगली, उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, पूर्व मिदनापुर, पश्चिम मिदनापुर, झाड़ग्राम और बांकुड़ा जिलों में बारिश होने के आसार हैं। दक्षिण 24 परगना, पूर्व मिदनापुर, पश्चिम मिदनापुर और झाड़ग्राम में शनिवार को भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है। इन इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।

उत्तर बंगाल में अभी भारी बारिश की संभावना नहीं है। दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी और उत्तर दिनाजपुर में कहीं-कहीं हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका है। शुक्रवार को कूचबिहार में वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि शनिवार को उत्तर बंगाल के सभी जिलों में बारिश होने की संभावना है। कोलकाता में गुरुवार सुबह न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।——————–

(Udaipur Kiran) / ओम पराशर

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *