Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
UTTRAKHAND

कुमाऊं विश्वविद्यालय में छात्र महासंघ पद पर निर्विरोध हुआ सभी पदों पर निर्वाचन

छात्र महासंघ के अध्यक्ष आशीष कबडवाल
शपथ ग्रहण करते छात्र महासंघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारी।

नैनीताल, 29 सितंबर (Udaipur Kiran News) । कुमाऊँ विश्वविद्यालय में दो दिन पूर्व हुए छात्र संघ चुनाव के बाद सोमवार को छात्र महासंघ के चुनाव भी हो गये। खास बात यह रही कि कुमाऊँ विश्वविद्यालय के हरमिटेज परिसर स्थित महिला अध्ययन केंद्र में आयोजित हुई चुनाव की पूरी प्रक्रिया में सभी पदों पर एक-एक ही प्रत्याशी के आज ही तय चुनाव कार्यक्रम के अनुसार नामांकन किये और सभी के नामांकन सही पाये गये तथा सभी प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित घोषित किये गये हैं। चुनाव पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के बीच पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में हुई।

कुमाऊँ विश्वविद्यालय के छात्र महासंघ चुनाव के लिये नियुक्त नोडल अधिकारी-डीएसबी परिसर नैनीताल के डीएसडब्लू यानी अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. संजय पंत ने बताया कि अध्यक्ष पद पर डीएसबी परिसर नैनीताल के आशीष कबडवाल अध्यक्ष, एमबीपी राजकीय महाविद्यालय हल्द्वानी के रक्षित बिष्ट उपाध्यक्ष, राजकीय महाविद्यालय गदरपुर की काजल छात्रा उपाध्यक्ष, एनबीपीजी राजकीय महाविद्यालय खटीमा के सचिन सामंत महासचिव, राजकीय महाविद्यालय बाजपुर के पीयूष संयुक्त सचिव, पीएनपीजी राजकीय महाविद्यालय रामनगर के रोहित नेगी कोषाध्यक्ष निर्वाचित हुए। प्रो. पंत ने चुनाव परिणाम की घोषणा के उपरांत सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलायी।

चुनाव की प्रकिया में प्रेक्षक प्रो. डीएस बिष्ट, प्रो.ललित तिवारी, प्रो. गीता तिवारी, प्रो. सुषमा टम्टा, प्रो. अमित जोशी, डॉ. गगन दीप होती, डॉ. आरसी जोशी, डॉ. अशोक कुमार, डॉ. आशीष तिवारी, डॉ. दीपिका पंत, डॉ. निधि वर्मा, डॉ. नवीन पांडे, डॉ. नंदन मेहरा, डॉ अमित मेलकानी, डॉ. सीबी जोशी, गणेश, सहित कुलानुशासक मंडल के प्रो. एचसीएस बिष्ट, डॉ. हिमांशु लोहनी, डॉ. पीएस अधिकारी, डॉ. मनोज बिष्ट ‘गुड्डू’, डॉ. मोहित रौतेला व डॉ महेश आर्या के साथ पुलिस अधीक्षक डॉ. जगदीश चंद्रा, पुलिस क्षेत्राधिकारी सुमित पांडे, मल्लीताल के कोतवाल हेम चंद्र पांडे, तल्लीताल के थाना प्रभारी मनोज नयाल आदि ने योगदान दिया।

सभी परिसरों में स्थापित किये जाएंगे छात्र सहायता केंद्र

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़े छात्र महासंघ सचिव सचिन सामंत ने कहा कि विश्वविद्यालय के सभी परिसरों में जल्द ही छात्र सहायता केंद्र स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इन केंद्रों के माध्यम से विद्यार्थियों को आवश्यक मार्गदर्शन और सहायता प्रदान की जाएगी। साथ ही अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की सकारात्मक पहल से सभी छात्राओं और छात्रों को जोड़ने का प्रयास किया जाएगा ताकि विश्वविद्यालय परिसर में छात्र जीवन और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार हो सके। बताया जा रहा है कि छात्र महासंघ की नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष भी परिषद से है और उपाध्यक्ष के भी परिषद में शामिल होने की संभावना है। यह भी बताया जा रहा है कि छात्र महासंघ के चुनाव छात्र संघ चुनाव के दो दिन बाद ही हो जाने से अधिक प्रत्याशी अनापत्ति प्रमाण पत्र बनाने जैसी औपचारिकताएं पूरी नहीं कर पाए, और अधिकांश वे ही प्रत्याशी नामांकन करा पाये जो पहले ही निर्विरोध चुनाव जीत गये थे।

(Udaipur Kiran) / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *