Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
WEST BENGAL

कड़ाके की ठंड में हाथी का तांडव, योगेंद्रनगर गांव में दहशत

हाथी के तांडव में क्षतिग्रस्त घर

अलीपुरद्वार, 24 दिसंबर (Udaipur Kiran) । कड़ाके की ठंड भरी रात में हाथी के तांडव से अलीपुरद्वार एक प्रखंड के योगेंद्रनगर गांव के लोगों की नींद उड़ गई। मंगलवार देर रात जलदापाड़ा वन क्षेत्र से एक जंगली हाथी आबादी वाले इलाके में घुस आया और जमकर उत्पात मचाया। हाथी के हमले में कम से कम छह घर और एक धान कुटाई मिल को भारी नुकसान पहुंचा है। हालांकि किसी तरह एक बुजुर्ग महिला मौत के मुंह से बच निकली है। बुजुर्ग महिला का नाम मनोबाला बर्मन है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मनोबाला बर्मन देर रात घर में अकेली सो रही थी। अचानक टिन की बाड़ टूटने की तेज आवाज से उनकी नींद खुल गई। हाथी ने सूंड से उन्हें हल्के से छुआ, लेकिन कोई नुकसान पहुंचाए बिना पास के घर की ओर बढ़ गया। इस भयावह घटना से मनोबाला अभी भी सदमे में है। हाथी ने पड़ोसी पिंकी उरांव के घर पर हमला किया। हाथी ने रसोई की दीवार तोड़ क र वहां रखा चावल व अन्य खाद्य सामग्री खा गया। उसके बाद गांव के श्रीमंत शर्मा की धान कुटाई मिल की टिन की बाड़ तोड़कर धान और मक्का खा लिया। हाथी ने इसी तरह गांव में लगभग छह घरों पर तांडव चलाया।

घटना की सूचना पाकर जलदापाड़ा पश्चिम रेंज के बेंगडांगी बीट के वनकर्मी मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद हाथी को दोबारा जंगल की ओर खदेड़ दिया गया। वन विभाग ने बताया कि नुकसान का आकलन किया जा रहा है और सरकारी नियमों के अनुसार प्रभावित परिवारों को जल्द मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

भारत–भूटान सीमा संलग्न इस इलाके में सर्द रातों में जंगली जानवरों की बढ़ती आवाजाही से ग्रामीणों में गहरी चिंता और दहशत का माहौल बना हुआ है।

(Udaipur Kiran) / सचिन कुमार

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *