Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

आमजन को त्वरित, निशुल्क व गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं देने पर जोर

आमजन को त्वरित, निशुल्क व गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं देने पर जोर

बीकानेर, 29 दिसंबर (Udaipur Kiran) । बीकानेर जिला स्वास्थ्य समिति की मासिक समीक्षा बैठक सोमवार को जिला कलेक्टर सभागार में आयोजित की गई। बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. पुखराज साध ने जिला कलक्टर नम्रता वृष्णि के निर्देशों का हवाला देते हुए कहा कि आमजन को त्वरित, निशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए जिला स्तर के साथ-साथ ब्लॉक एवं सेक्टर स्तर पर भी प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।

बैठक की शुरुआत दिवंगत जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश कुमार गुप्ता को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। इस अवसर पर मातृ-शिशु स्वास्थ्य एवं टीकाकरण के क्षेत्र में डॉ. गुप्ता के अविस्मरणीय योगदान को याद किया गया। कार्यक्रम में उनके पुत्र डॉ. आयुष गुप्ता सहित परिजन उपस्थित रहे।

सीएमएचओ डॉ. साध ने सभी स्वास्थ्य योजनाओं एवं सेवाओं की एजेंडा-वार प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए कम उपलब्धि वाले चिकित्सा संस्थानों को शीघ्र सुधार के निर्देश दिए। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की सिविल विंग के अधिकारियों के साथ नवीन स्वीकृत चिकित्सा संस्थानों के भूमि आवंटन, निर्माण एवं हैंडओवर से जुड़े मुद्दों पर संस्थान-वार चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए गए।

डिप्टी सीएमएचओ (स्वास्थ्य) डॉ. लोकेश गुप्ता ने मौसमी बीमारियों, असंक्रामक रोग नियंत्रण कार्यक्रम एवं मां योजना की प्रगति की समीक्षा की। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. चंद्रशेखर मोदी ने मुख्यमंत्री निशुल्क निरोगी राजस्थान जांच योजना, टीबी नियंत्रण कार्यक्रम एवं सिलिकोसिस नियंत्रण कार्यक्रम की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि जांच योजना के क्रियान्वयन में बीकानेर जिला राज्य में दूसरे स्थान पर है। साथ ही जिले में मदर लैब, हब एवं स्पोक मॉडल लागू किया जा रहा है, जिससे जांच सेवाओं का केंद्रीकरण होगा।

जिला ड्रग हाउस प्रभारी डॉ. नवल गुप्ता ने निशुल्क दवा योजना एवं आईएचएमएस पोर्टल से संबंधित कार्यों की समीक्षा की। डीपीओ सुशील कुमार ने आईपीएचएस पोर्टल एवं मिशन कर्मयोगी पर चर्चा की। जिला लेखा प्रबंधक राजेश सिंगोदिया ने आरएमआरएस व्यय प्रबंधन एवं एसएनएस स्पर्श पोर्टल के माध्यम से किए गए भुगतानों की रिपोर्ट प्रस्तुत की। बैठक में परिवार कल्याण कार्यक्रम, एफसीएम पिंक पखवाड़ा, टीकाकरण एवं राज हेल्थ पोर्टल की ब्लॉक-वार प्रगति की भी समीक्षा की गई।

बैठक में पीबीएम अस्पताल के उप अधीक्षक डॉ. गौरी शंकर जोशी सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी, खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी, बीपीओ एवं विभिन्न चिकित्सा संस्थानों के चिकित्सा अधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री निशुल्क निरोगी राजस्थान दवा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में बीकानेर जिला लगातार 44 महीनों से प्रदेश में प्रथम स्थान पर बना हुआ है। इस उपलब्धि पर सीएमएचओ डॉ. पुखराज साध ने योजना प्रभारी डॉ. नवल गुप्ता, चिकित्सा अधिकारियों एवं फार्मेसिस्टों को बधाई दी।

प्रथम स्थान पर रहने पर पीएचसी दंतोर के चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रताप सिंह एवं ब्लॉक सीएमओ डॉ. मुकेश मीणा, द्वितीय स्थान पर पीएचसी जांगलू की प्रभारी डॉ. राजश्री सोनी एवं बीसीएमओ डॉ. कैलाश गहलोत तथा तृतीय स्थान पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शेरेरा की ओर से ब्लॉक सीएमओ डॉ. सुनील जैन एवं बीपीओ ऋषि कल्ला को शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं कूदसू, दासौड़ी एवं बाधनू चिकित्सा संस्थानों के प्रभारियों को कार्यप्रणाली में सुधार के निर्देश दिए गए।

—————

(Udaipur Kiran) / राजीव

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *