Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
CRIME

अहरौरा जंगल में मुठभेड़: पुलिस की गोली से घायल हुआ गो-तस्कर, 21 गोवंश मुक्त

पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार आरोपित।

मीरजापुर, 14 दिसंबर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में अहरौरा थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात पुलिस और गौ-तस्करों के बीच हुई मुठभेड़ में एक शातिर गौ-तस्कर घायल होकर गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने मौके से वध हेतु ले जाए जा रहे 21 गौवंश, एक अवैध 12 बोर की बंदूक और कारतूस बरामद किए हैं।

अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन मंजरी राव के नेतृत्व में अहरौरा पुलिस टीम को यह बड़ी सफलता मिली। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ गौ-तस्कर अहरौरा के जंगल के रास्ते पैदल चंदौली होते हुए बिहार की ओर गौवंश ले जा रहे हैं। सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस टीम ने बैजू बाबा तपस्थली जाने वाले मार्ग के दक्षिण जंगल (भल्दरिया), ग्राम हिनौता छातों के पास घेराबंदी कर तस्करों को रोकने का प्रयास किया।

खुद को घिरता देख तस्करों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी और भागने लगे। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक तस्कर के बाएं पैर में गोली लग गई, जबकि दो अन्य मौके से फरार हो गए।

घायल व गिरफ्तार आरोपित की पहचान संदीप उर्फ मुन्ना राय पुत्र स्व. रामनाथ राय, निवासी ग्राम उदयरामपुर थाना चैनपुर, जिला कैमूर (भभुआ), बिहार, उम्र करीब 37 वर्ष के रूप में हुई है। उसे पुलिस अभिरक्षा में इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है।

पुलिस ने आरोपित के कब्जे से एक अवैध 12 बोर की बंदूक, तीन जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस तथा 21 गौवंश बरामद किए। मामले में थाना अहरौरा पर अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक अहरौरा सदानंद सिंह ने बताया कि फरार तस्करों की तलाश जारी है और गौ-तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने के लिए अभियान और तेज किया जाएगा।

—————

(Udaipur Kiran) / गिरजा शंकर मिश्रा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *