Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
WORLD

इथोपिया का नेशनल पैलेस म्यूजियम समृद्ध परंपरा का मजबूत स्तंभः प्रधानमंत्री मोदी

अदीसा अबाबा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इथोपिया के नेशनल पैलेस म्यूजियम का भ्रमण किया। फोटो - प्रधानमंत्री मोदी के एक्स अकाउंट से

अदीस अबाबा (इथियोपिया), 17 दिसंबर (Udaipur Kiran) । भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इथोपिया के नेशनल पैलेस म्यूजियम का भ्रमण करने के बाद एक्स पर टिप्पणी की, अदीस अबाबा में नेशनल पैलेस म्यूजियम में मुझे इथियोपिया के इतिहास और संस्कृति की झलक दिखाने के लिए प्रधानमंत्री अबी अहमद अली का धन्यवाद। यह इथियोपिया की समृद्ध परंपराओं की एक मजबूत याद दिलाता है।

प्रधानमंत्री मोदी अन्य एक्स पोस्ट में कहा, भविष्य उन्हीं साझेदारियों का होता है जो विजन और भरोसे पर आधारित हों। हम इथियोपिया के साथ मिलकर ऐसे सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं जो बदलती वैश्विक चुनौतियों का समाधान भी करे और नई संभावनाओं का निर्माण भी करे…।

उन्होंने कहा, आज जब पूरे विश्व की नजर ग्लोबल साउथ पर है, ऐसे में इथियोपिया की स्वाभिमान, स्वतंत्रता और आत्मगौरव की चिरकालीन परंपरा हम सभी के लिए सशक्त प्रेरणा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, मुझे द ग्रेट ऑनर निशान ऑफ इथियोपिया के रूप में इस देश का सर्वोच्च सम्मान प्रदान किया गया है। विश्व की अति प्राचीन और समृद्ध सभ्यता द्वारा सम्मानित किया जाना मेरे लिए बहुत गौरव की बात है। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इथियोपिया के प्रधानमंत्री डॉ. अबी अहमद अली के साथ द्विपक्षीय वार्ता की तथा इस दौरान भारत और इथियोपिया ने अपने संबंधों को रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक बढ़ाने पर सहमति जताई।

प्रधानमंत्री मोदी तीन देशों की चार दिवसीय यात्रा के दूसरे चरण के तहत मंगलवार को इथियोपिया पहुंचे। इथियोपिया के प्रधानमंत्री डॉ. अबी अहमद अली ने अदीस अबाबा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मोदी का स्वागत किया। वह मोदी को अपनी गाड़ी में बैठाकर होटल तक भी ले गए।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हालांकि यह उनकी पहली यात्रा है, फिर भी उन्हें अपनेपन और आत्मीयता का गहरा अहसास हुआ, जो दोनों देशों के बीच हजारों वर्षों के संबंधों को दर्शाता है। उन्होंने कहा, ‘‘ये संबंध हमारे लोगों के बीच गहरी मित्रता, सहयोग और आपसी सम्मान को आकार देते रहते हैं।’’

इससे पहले, अली ने मोदी को विज्ञान संग्रहालय और मैत्री पार्क का भ्रमण करवाया।

इथियोपिया की यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री देश की संसद के संयुक्त सत्र को भी संबोधित करेंगे। इथियोपिया में मोदी प्रवासी भारतीय समुदाय के सदस्यों से भी मुलाकात करेंगे। अदीस अबाबा अफ्रीकी संघ का मुख्यालय भी है। 2023 में भारत की जी-20 अध्यक्षता के दौरान, अफ्रीकी संघ को जी-20 के स्थायी सदस्य के रूप में शामिल किया गया था। प्रधानमंत्री तीन देशों की यात्रा के तीसरे चरण के तहत इथियोपिया से ओमान जाएंगे।

—————

(Udaipur Kiran) / मुकुंद

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *