Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
UTTRAKHAND

नवाचार और विकास कार्यों का विस्तार प्राथमिकता: मुख्य सचिव बर्द्धन

विकास प्रदर्शनी का अवलोकन करते मुख्य सचिव
समीक्षा बैठक लेते मुख्य सचिव
समीक्षा बैठक लेते मुख्य सचिव

चंपावत, 2 दिसंबर (Udaipur Kiran) । जनपद में विकास कार्यों की गति तेज करने और जनहित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से उत्तराखण्ड शासन के मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने शुक्रवार को जिला सभागार में व्यापक समीक्षा बैठक की। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि विकास परियोजनाओं को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और सतत मॉनिटरिंग के साथ पूरा किया जाए, ताकि जिले में विकास के स्पष्ट परिणाम दिखाई दें।

समीक्षा के दौरान मुख्य सचिव ने गोल्ज्यू कॉरिडोर, कृषि महाविद्यालय, पैरामेडिकल कॉलेज, छमनिया स्पोर्ट्स कॉलेज, यूयूएसडीए पेयजल योजना और एनएच स्वाला सुधार परियोजना सहित प्रमुख योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की। इन सभी योजनाओं का प्रस्तुतीकरण जिलाधिकारी मनीष कुमार ने किया।

बैठक से पूर्व मुख्य सचिव ने कलेक्ट्रेट परिसर में लगे विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया, जिनमें एनआरएलएम, चाय विकास बोर्ड, कृषि, डेयरी, मत्स्य, रेशम, बागवानी, उद्योग और अक्षय ऊर्जा से जुड़े प्रदर्शन शामिल थे। उन्होंने स्थानीय उत्पादों एवं नवाचारों की सराहना करते हुए उन्हें बाज़ार से जोड़ने हेतु ठोस रणनीति तैयार करने को कहा। मुख्य सचिव बर्द्धन ने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण किया और जिला सभागार में “आदर्श चम्पावत” लोगो का अनावरण किया। बैठक में ज्ञान केंद्र लाइब्रेरी, ज्ञान सेतु पुल, कंप्यूटर ऑन व्हील और पिरुल ब्रिकेटिंग यूनिट जैसे जनपदीय नवाचारों की प्रस्तुति भी दी गई।

उन्होंने पंचेश्वर में एंग्लिंग पर्यटन को बढ़ावा देने हेतु प्रतिवर्ष एंगलर्स मीट आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही चम्पावत–लोहाघाट मास्टर प्लान की समीक्षा कर रेलवे विस्तार सहित भविष्य की अवसंरचना आवश्यकताओं को प्राथमिकता में शामिल करने पर जोर दिया। उन्होंने अंडरग्राउंड विद्युत व्यवस्था के बेहतर संचालन के लिए दीर्घकालिक मेंटेनेंस प्लान तैयार करने को कहा। मुख्य सचिव ने विभागों को पूंजीगत व्यय बढ़ाने, शिकायतों के त्वरित निस्तारण और समन्वित कार्यशैली अपनाकर चम्पावत को मॉडल डिस्ट्रिक्ट बनाने के निर्देश दिए।

बैठक में कुमाऊं मंडलायुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी मनीष कुमार, एसपी अजय गणपति, सीडीओ डॉ. जी.एस. खाती, एडीएम कृष्णनाथ गोस्वामी सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

(Udaipur Kiran) / राजीव मुरारी

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *