सैनिकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए सैनिक कल्याण में दें योगदान-मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

जयपुर, 5 दिसंबर (Udaipur Kiran) । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सशस्त्र सेना झण्डा दिवस (7 दिसम्बर) के उपलक्ष्य में शुक्रवार को मुख्यमंत्री निवास पर सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ से प्रतीकात्मक झण्डा (बैज) ग्रहण किया। मुख्यमंत्री ने सैनिकों एवं उनके परिवारों के कल्याण के लिए ऑनलाइन अंशदान भी किया।
इस अवसर पर शर्मा ने सशस्त्र सेना झण्डा दिवस की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सशस्त्र सेनाओं के थल सैनिकों, नौसैनिकों एवं वायु सैनिकों के सम्मान स्वरूप यह दिवस मनाया जाता है। यह दिवस देश की अखण्डता एवं एकता के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले बहादुर सैनिकों के प्रति कृतज्ञता दिखाने का दिन है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सैनिकों के समर्पण, बलिदान और देश सेवा के प्रति साधुवाद प्रकट करना हम सबका कर्तव्य है। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वीर सैनिकों के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए उनके कल्याण के लिए सभी खुले हाथ से अपना योगदान देने का संकल्प लें। इस अवसर पर सैनिक कल्याण विभाग के निदेशक ब्रिगेडियर वीरेन्द्र सिंह राठौड़ सहित मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारी उपस्थित रहे।
—————
(Udaipur Kiran) / Chandrashekhar kuntal



