Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
HARYANA

गुरुग्राम में नेत्र ज्योति अभियान शुरु, जरूरतमंदों को मिलेगी मुफ्त नेत्र चिकित्सा

गुरुग्राम में नेत्र ज्योति अभियान की शुरुआत पर टीम के साथ मंडलायुक्त रमेश चंद्र बिधान।

-मोबाइल वैन और नेत्र शिविरों के जरिए जरूरतमंदों को नि:शुल्क जांच, दवा और चश्में उपलब्ध

गुरुग्राम, 2 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । नेत्र ज्योति अभियान के तहत गुरुवार को मंडलायुक्त रमेश चंद्र बिधान ने एक महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत की गई। इसका उद्देश्य समाज के हर जरूरतमंद व्यक्ति तक नि:शुल्क और उच्च गुणवत्ता वाली नेत्र स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। मंडलायुक्त की अध्यक्षता में हुई बैठक में इस अभियान के तहत विस्तृत रणनीति पर चर्चा की गई। इस अभियान का मुख्य फोकस ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में रहने वाले आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को मुफ्त नेत्र चिकित्सा सेवाएं प्रदान करना है, ताकि समाज का कोई भी वर्ग बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि नेत्र ज्योति अभियान के तहत लोगों को न केवल मुफ्त जांच और उपचार मिले, बल्कि जरूरत पडऩे पर चश्मे और सर्जरी जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हों। इस पहल को और प्रभावी बनाने के लिए अरुणोदय डेसरेट आई हॉस्पिटल यूनिट और अरुणोदय चैरिटेबल ट्रस्ट के साथ सहयोग को और मजबूत करने पर विचार-विमर्श किया गया। इस सहयोग के माध्यम से नेत्र शिविरों का आयोजन, जागरूकता कार्यक्रम और उन्नत चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। अरुणोदय चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित इस अभियान के तहत मुफ्त आंखों की जांच, मोतियाबिंद सर्जरी, चश्मा वितरण और दवाइयों का वितरण किया जा रहा है। इस पहल से गुरुग्राम और आसपास के क्षेत्रों में नेत्र स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच बढ़ाने में मदद मिलेगी। नेत्र ज्योति अभियान को और अधिक गति प्रदान करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए रमेश चंद्र बिधान ने कहा कि इस कार्य में गांवों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) तथा आशा वर्करों का सहयोग बेहद अहम रहेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि आशा वर्करों की सक्रिय भागीदारी से यह अभियान हर घर तक पहुंचेगा और अधिक से अधिक लोग लाभान्वित हो सकेंगे।

उन्होंने कहा कि गांवों में नेत्र शिविरों का आयोजन कर जरूरतमंदों को नि:शुल्क जांच और उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही, पीएचसी स्तर पर आवश्यक सुविधाओं को और मजबूत किया जाएगा ताकि कोई भी व्यक्ति आंखों की समस्या को लेकर उपेक्षित न रह जाए। उन्होंने भरोसा जताया कि सभी के संयुक्त प्रयास से नेत्र ज्योति अभियान को नई दिशा और सफलता मिलेगी। बैठक में सीटीएम सपना यादव, डिप्टी सीएमओ प्रिया, ब्लॉक एजुकेशन ऑफिसर सुदेश कुमार, एमसीडी से आशीष सिंघल, अरुणोदय डेसरेट आई हॉस्पिटल के मैनेजिंग डायरेक्टर और ट्रस्टी डॉ. अरुण सेठी, सीएसआर हेड संदीप शरण, अस्पताल प्रबंधक मोनिका रेखी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

(Udaipur Kiran)

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *