Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
CRIME

फर्जी मार्कशीट-डिग्री गिरोह का भंडाफोड़, तीन आरोपित गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपितों के साथ पुलिस बल
आरोपितों से बराबमद की गई फर्जी मार्कशीट, नगद और अन्य वस्तुयें

लखनऊ, 21 दिसंबर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश में लखनऊ के गोमतीनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने फर्जी मार्कशीट और डिग्री तैयार कर बेचने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में भारी मात्रा में कूटरचित दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और नकदी बरामद की गई है।

प्रभारी निरीक्षक गोमतीनगर बृजेश तिवारी ने रविवार काे बताया कि 20 दिसंबर 2025 को पुलिस उपायुक्त (पूर्वी) की क्राइम/सर्विलांस टीम और थाना गोमतीनगर की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए फर्जी/कूट रचित मार्कशीट-डिग्री बनाने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से विभिन्न विश्वविद्यालयों की 923 फर्जी मार्कशीट व प्रमाण पत्र, 15 कूटरचित मुहरें, नीला इंक पैड, दो लाख रुपये नकद, मार्कशीट प्रिंटिंग पेपर, टाटा हैरियर कार, लैपटॉप, हार्डडिस्क, मोबाइल फोन, प्रिंटर, सीपीयू, रजिस्टर, फाइलें तथा चेकबुक/पासबुक बरामद की गईं।

उन्होंने बताया कि पूछताछ में सामने आया है कि आरोपित भोले-भाले विद्यार्थियों को बिना मेहनत डिग्री दिलाने का झांसा देकर उनकी जरूरत के अनुसार फर्जी डिग्री/मार्कशीट उपलब्ध कराते थे। इन दस्तावेजों का उपयोग निजी क्षेत्र में नौकरी पाने के लिए किया जाता था। कोर्स के अनुसार अभियुक्त 25 हजार से चार लाख रुपये तक वसूलते थे। गिरोह द्वारा बीटेक, बीसीए, एमसीए, एमएससी, बीए सहित कई पाठ्यक्रमों की डिग्रियां देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों—मेरठ, नागालैंड, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, राजस्थान, गुजरात समेत करीब 25 विश्वविद्यालयों के नाम पर तैयार की जाती थीं।

प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में अयोध्या निवासी सत्येन्द्र द्विवेदी (32), उन्नाव का रहने वाला अखिलेश कुमार (44) और लखीमपुर खीरी निवासी सौरभ शर्मा (35) शामिल हैं। इस संबंध में थाना गोमतीनगर पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। अन्य वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं तथा अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।

—————

(Udaipur Kiran) / Harsh Gautam

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *