फरीदाबाद : सीएम फ्लाइंग ने बस स्टैंड कार्यालय का किया औचक निरीक्षण

फरीदाबाद, 15 दिसंबर (Udaipur Kiran) । सीएम फ्लाइंग की टीम ने सोमवार को बल्लभगढ़ बस स्टैंड कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। टीम ने रोडवेज कार्यालय के विभिन्न दफ्तरों में जाकर कामकाज की स्थिति, उपस्थिति रजिस्टर और रिकॉर्ड की जांच की। निरीक्षण के दौरान ड्यूटी पर देर से पहुंचने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की सूची भी तैयार की गई और उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। टीम ने रोडवेज विभाग से पिछले छह महीनों के खर्च का पूरा विवरण जांच मांगा है, ताकि सरकारी धन के उपयोग की गहनता से पड़ताल की जा सके। टीम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी रिकॉर्ड और दस्तावेज समय पर उपलब्ध करवाए जाएं। मौके पर मौजूद सीएम फ्लाइंग के डीएसपी साकिर हुसैन ने बताया कि विभाग द्वारा समय-समय पर इस तरह के निरीक्षण किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि आज बल्लभगढ़ बस स्टैंड कार्यालय का निरीक्षण किया गया है और जांच प्रक्रिया अभी जारी है। डीएसपी ने बताया कि जांच के दौरान जो भी कमियां या खामियां सामने आएंगी, उन्हें रिपोर्ट के माध्यम से सरकार के उच्च अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
(Udaipur Kiran) / -मनोज तोमर



