Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
HARYANA

हिसार : जेल में बंद सतलोक आश्रम संचालक रामपाल को किसान यूनियन ने दिया किसान रत्न

रामपाल के स्टैच्यू का सम्मान करते किसान नेता।

सिंहासन पर बैठाकर स्टैच्यू को ही दिया किसान रत्न

सम्मान

कार्यक्रम में पहुंचे रामपाल के भाई व बेटे

10 दिन पहले किसान मसीहा सम्मान दिया

हिसार, 21 दिसंबर (Udaipur Kiran) । सतलोक आश्रम के प्रमुख रामपाल को भारतीय किसान यूनियन

ने किसान रत्न से सम्मानित किया है। जिले के गांव डाया में रविवार को कार्यक्रम आयोजित

करके जहां रामपाल का स्टैच्यू लगाया गया। स्टैच्यू को खास बने एक सिंहासन पर बैठाया

गया।

स्टैच्यू को ही किसान रत्न रूपी सम्मान दिया गया। रामपाल के स्टैच्यू को ही

हल, गदा और एक पेंटिंग दी गई जिसमें रामपाल खुद हल चलाता हुआ नजर आ रहा है। भारतीय

किसान यूनियन (अमावता) के प्रदेश अध्यक्ष दिलबाग सिंह हुड्‌डा व उनकी टीम की ओर से

यह सम्मान दिया गया।

इस कार्यक्रम में आसपास के 100 गांवों के ग्रामीणों को निमंत्रण दिया गया था,

जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। मंच पर रामपाल द्वारा किए जा रहे जनहित कार्यों

की शार्ट फिल्म दिखाई गई। इसके बाद रामपाल के प्रवचन चलाए गए।

हिंसा फैलाने के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे रामपाल के भाई महेंद्र सिंह

और दोनों बेटे वीरेंद्र और मनोज भी कार्यक्रम में पहुंचे। इसके अलावा रामपाल के अनुयायी

भी कार्यक्रम में पहुंचे। कार्यक्रम के आयोजक भारतीय किसान यूनियन (अमावता) के प्रदेश

अध्यक्ष दिलबाग सिंह हुड्‌डा ने बताया कि रामपाल ने हिसार के 300 बाढ़ग्रस्त गांवों

में किसानों की मदद की है, इसलिए सभी ग्रामीण उनको किसान रत्न से सम्मानित करने जा

रहे हैं। करोड़ों रुपए रामपाल किसानों के लिए खर्च कर चुके हैं, ऐसे में हम उनका सम्मान

कर रहे हैं।

इससे पहले 10 दिसंबर को जिले के ही धीरणवास गांव में रामपाल महाराज के सम्मान

समारोह में कार्यक्रम किया गया था। इसमें बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे थे। यहां

85 गांवों और 12 खाप पंचायतों ने संयुक्त रूप से रामपाल को किसान मसीहा सम्मान से सम्मानित

किया था।रामपाल के स्वागत के लिए 50 से अधिक ट्रैक्टरों का काफिला शामिल हुआ था।

रामपाल की जमानत पर 17 जनवरी को सुनवाई

हिसार कोर्ट करीब तीन माह पहले देशद्रोह से जुड़े एक मामले में रामपाल की जमानत

याचिका खारिज कर चुकी है। रामपाल के वकील महेंद्र सिंह नैन और सचिन दास ने इसके बाद

पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में जमानत याचिका दायर की है। इस मामले में 17 जनवरी को

अगली सुनवाई होनी है। इस मामले में 980 से अधिक आरोपी हैं। इनमें से रामपाल और हाल

ही में गिरफ्तार एक आरोपी जेल में है। रामपाल चार आपराधिक मामलों से बरी हो चुका है।

हाईकोर्ट ने हत्या के दो मामलों में उनकी सजा निलंबित कर दी है।

14 में से 11 केसों में बरी हो चुका रामपाल

रामपाल के वकालतनामे पर हस्ताक्षर करने वाले हिसार के एडवोकेट कुलदीप ने बताया

कि रामपाल महाराज 2014 से जेल में बंद है। उन पर कुल 14 केस लगे थे। उनमें से 11 केस

में वे बरी हो चुके हैं। 2 केस जिनका मुकदमा नंबर 429 और 430 है, उनमें हाईकोर्ट ने

उनकी उम्रकैद की सजा को सस्पेंड कर दिया है। अभी देशद्रोह का मुकद्दमा नंबर 428 है।

इसमें 1000 से ज्यादा लोग शामिल थे। इनमें अधिकतर की बेल हो चुकी है, मगर अभी तक इस

केस में रामपाल ने बेल नहीं लगाई है। संभावना है कि अर्जी लगाने पर बेल मिल जाएगी।

हिसार में रामपाल का केस लड़ने वाले उनके वकील महेंद्र सिंह नैन बताते हैं कि उनके पास

रामपाल का एक केस है, जो अंडर ट्रायल है।

(Udaipur Kiran) / राजेश्वर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *