Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
CRIME

नाथद्वारा में नाबालिग पुत्री की हत्या का आरोपी पिता 24 घंटे में गिरफ्तार

हत्यारा पिता

राजसमंद, 22 दिसंबर (Udaipur Kiran) । जिले के नाथद्वारा उपखंड स्थित नेडच गांव में नाबालिग पुत्री की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी पिता को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने कथित रूप से अपनी 14 वर्षीय पुत्री की गला रेतकर हत्या कर दी थी और वारदात के बाद फरार हो गया था।

पुलिस के अनुसार 21 दिसंबर को थाना खमनोर को मोबाइल के जरिए सूचना मिली कि नेडच गांव की मेघवाल बस्ती में एक किशोरी की हत्या कर दी गई है। सूचना पर थानाधिकारी खमनोर पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे, जहां एक मकान के भीतर किशोरी का शव खून से सना मिला। प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का पाया गया। मृतका की पहचान यशोदा मेघवाल (14) पुत्री नारायणलाल मेघवाल के रूप में हुई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और वृताधिकारी नाथद्वारा मौके पर पहुंचे। एफएसएल उदयपुर और एमओबी टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी खमनोर की मोर्चरी में रखवाया गया। मृतका के मामा दिनेशलाल मेघवाल की रिपोर्ट पर थाना खमनोर में प्रकरण संख्या 244/2025 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थानाधिकारी नरेंद्र सिंह भाटी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी और आसूचना सहयोग से टीम ने आरोपी पिता नारायणलाल उर्फ नारू (38) को वारदात के बाद फरार होने पर उदयपुर के टीढ़ी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से पूछताछ जारी है। आरोपी का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2020 में मारपीट और रास्ता रोकने के आरोप में प्रकरण दर्ज होकर न्यायालय में चालान पेश किया जा चुका है।

—————

(Udaipur Kiran) / Giriraj Soni

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *