Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
HARYANA

बहादुरगढ़: शहर के बीचों-बीच गुजर रही माइनर में मिला भ्रूण, फैली सनसनी

थाना शहर बहादुरगढ़।

झज्जर, 2 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । बहादुरगढ़ शहर में झज्जर रोड पर शक्ति नगर के पास माइनर में एक भ्रूण मिलने से सनसनी फैल गई। भ्रूण कपड़े में लिपटा हुआ था और मुंह का हिस्सा गायब था। सूचना पुलिस को मिली तो थाना शहर से पुलिस मौके पर पहुंची। एफएसएल की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने भ्रूण को नागरिक अस्पताल में भिजवाया। जहां से उसे पोस्टमार्टम के लिए रोहतक के पीजीआईएमएस भेज दिया गया। थाना शहर पुलिस ने अज्ञात महिला के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। भ्रूण लड़के का बताया गया है।

भिवानी के गांव बडेसरा निवासी विकास कुमार वाटर वर्क्स बहादुरगढ़ में प्लंबर के पद पर कार्यरत हैं। उन्हें बुधवार की शाम झज्जर रोड से गुजर रही माइनर में शक्ति नगर के पास एक भ्रूण पड़ा दिखाई दिया। उन्होंने 112 पर फोन करके पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची। नहर से भ्रूण को निकाला गया और पुलिस ने भ्रूण को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया।

गुरुवार को भ्रूण को रोहतक के पीजीआईएमएस में भेजा गया। भ्रूण मृत अवस्था में था और देखने से प्रतीत हो रहा था कि किसी महिला ने नाजायज पैदाइश को छुपाने के इरादे से उसे पानी में फेंक दिया। अधिकारियों ने बताया कि पहली नजर में मामला भ्रूण हत्या का लग रहा है। थाना शहर बहादुरगढ़ के प्रभारी दिनकर यादव ने बताया कि इस संबंध में अज्ञात महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के इलाकों और अस्पतालों में रिकार्ड खंगाल रही है ताकि आरोपी तक पहुंचा जा सके।

(Udaipur Kiran) / शील भारद्वाज

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *