Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
SPORTS

एफआईएच हॉकी जूनियर विश्व कप 2025: स्विट्जरलैंड को 5-0 से हराकर भारत क्वार्टरफाइनल में

एफआईएच हॉकी जूनियर विश्व कप 2025: स्विट्जरलैंड को 5-0 से हराकर भारत क्वार्टरफाइनल में

– 05 दिसंबर को बेल्जियम से भिड़ंत

चेन्नई/मदुरै, 02 दिसंबर (Udaipur Kiran) । भारतीय जूनियर पुरुष हॉकी टीम ने एफआईएच हॉकी पुरुष जूनियर विश्व कप तमिलनाडु 2025 में अपने शानदार अपराजित अभियान को जारी रखते हुए मंगलवार को स्विट्जरलैंड को 5-0 से मात देकर क्वार्टरफाइनल में जगह पक्की कर ली। रोहित की कप्तानी और पी.आर. श्रीजेश की कोचिंग में खेल रही भारतीय टीम अब 05 दिसंबर को बेल्जियम से मुकाबला करेगी।

मैच की दमदार शुरुआत: मनमीत सिंह और शारदानंद तिवारी की चमक

भारत ने मैच की शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा। मुकाबले का पहला गोल दूसरे ही मिनट में जन्मदिन मना रहे मनमीत सिंह ने दागा। उन्होंने 11वें मिनट में एक और शानदार फील्ड गोल कर भारत को 2-0 की बढ़त दिला दी।

इसके तुरंत बाद, 13वें मिनट में शारदानंद तिवारी ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर 3-0 कर दिया। साइक्लोन के बावजूद बड़ी संख्या में पहुंचे दर्शकों को भारतीय खिलाड़ियों के तेजतर्रार खेल ने रोमांचित कर दिया।

हाफटाइम से पहले भारत का दबदबा कायम

पिछले मैच में ओमान के खिलाफ हैट्रिक लगाने वाले अर्शदीप सिंह ने 28वें मिनट में भारत का चौथा गोल दागा। उधर, गोलकीपर प्रिंस दीप सिंह ने स्विट्ज़रलैंड के कई हमलों को शानदार बचाव से नाकाम किया।

चौथे क्वार्टर में भी नहीं रुका भारत का आक्रमण

भारत ने आखिरी क्वार्टर में भी अपना दबदबा बनाए रखा। 54वें मिनट में शारदानंद तिवारी ने एक और पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलते हुए न सिर्फ टीम का पांचवां गोल दागा, बल्कि ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ भी बने। इससे मैच पूरी तरह भारत के पक्ष में मुहर लग गई और स्विट्ज़रलैंड वापसी की कोशिश भी नहीं कर सका।

नॉकआउट से पहले भारत का धमाकेदार प्रदर्शन

भारत इससे पहले चिली को 7-0 और ओमान को 17-0 से हराकर नॉकआउट चरण में प्रवेश कर चुका है। स्विट्जरलैंड पर 5-0 की बड़ी जीत ने टीम के आत्मविश्वास को और मजबूत किया है।

अब असली अग्निपरीक्षा – क्वार्टरफाइनल में बेल्जियम से भिड़ंत

भारत 05 दिसंबर को चेन्नई में क्वार्टरफाइनल में उतरेगा, जहां उसका सामना मजबूत टीम बेल्जियम से होगा। टीम की लगातार फॉर्म और आक्रामक खेल को देखते हुए भारतीय दर्शकों को एक रोमांचक मुकाबले की उम्मीद है।

——————

(Udaipur Kiran) / आकाश कुमार राय

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *