Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
HARYANA

जींद : पेंशन बहाली संघर्ष समिति के प्रदेशाध्यक्ष पर दर्ज एफआईआर जला कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन

प्रदर्शनकारी कर्मचारियों को संबोधित करते हुए अनूप लाठर।

जींद, 2 दिसंबर (Udaipur Kiran) । पेंशन बहाली संघर्ष समिति के प्रदेश अध्यक्ष विजेंद्र धारीवाल पर दर्ज की गई एफआईआर के रोष स्वरूप मंगलवार काे कर्मियों ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की। कर्मचारियों ने एफआईआर की प्रतियां जला कर रोष व्यक्त किया। प्रदर्शनकारी कर्मियों को संबोधित करते हुए समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनूप लाठर और महिला विंग प्रभारी राजबाला कौशिक ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष धारीवाल लंबे समय से पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर कर्मचारियों के साथ जनजागरूकता एवं संवाद कार्यक्रम चला रहे हैं।

इसी क्रम में धारीवाल की अध्यक्षता में जंतर-मंतर पर ओपीएस बहाली हेतु आयोजित एक शांतिपूर्ण धरना पूरी अनुशासन और मर्यादा के साथ संपन्न हुआ। इसके बावजूद केवल अधिक संख्या में कर्मचारियों की भागीदारी का हवाला देकर प्रदेश अध्यक्ष और अन्य कर्मचारियों पर एफआईआर दर्ज कर दी गई। जिसे कर्मचारी समाज ने पूरी तरह अन्यायपूर्ण करार दिया है।

मंगलवार को एफआईआर के विरोध में जिला प्रधान जोगेंद्र लोहान और महिला विंग जिला प्रधान अनुराधा गुप्ता की अध्यक्षता में कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। हाथों में तख्तियां और बैनर लिए प्रदर्शनकारियों ने सरकार की इस कार्रवाई को दमनकारी बताते हुए नारे लगाए। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की संख्या अधिक होना कोई अपराध नही है बल्कि यह इस बात का प्रतीक है कि पेंशन बहाली का मुद्दा लाखों परिवारों के भविष्य से जुड़ा हुआ है। शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर एफआईआर दर्ज करना लोकतांत्रिक मूल्यों की अवमानना है।

प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि जब तक पुरानी पेंशन बहाली पर ठोस कदम नहीं उठाए जाते, तब तक संघर्ष और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पेंशन कोई सुविधा नही बल्कि कर्मचारियों का भविष्य सुरक्षित रखने का अधिकार है। इस मौके पर देवीलाल, हरीश शर्मा, रमेश लोहान, जितेंद्र बेनीवाल, राजेश आसन, दलबीर गोरिया, सुनील खटकड़ रमेश कुमार, पुरुषोत्तम सहित अनेक कर्मचारी नेताओं ने विचार व्यक्त किए।

—————

(Udaipur Kiran) / विजेंद्र मराठा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *