
भोपाल, 12 दिसंबर (Udaipur Kiran) . Madhya Pradesh की राजधानी भोपाल के व्यस्त लालघाटी चौराहे पर बने फ्लाईओवर के नीचे शुक्रवार को भीषण आग लग गई. यह आग फ्लाईओवर के नीचे सौंदर्यीकरण के लिए हाल ही में लगाए गए एसीपी (एल्युमिनियम कंपोजिट पैनल) और प्लाइवुड के सामान में लगी थी. आग इतनी तेज़ी से फैली कि इसने ब्रिज पर लगी लाइटों और आसपास पड़े कचरे को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई. घटना के तुरंत बाद तीन दमकल की गाड़ियाँ मौके पर पहुँचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. इस दौरान आग की वजह से काफी देर तक ट्रैफिक भी रुका रहा.
घटना की सूचना मिलते ही, बैरागढ़ फायर स्टेशन से 2 और फतेहगढ़ फायर स्टेशन से एक, कुल 3 दमकलें तत्काल मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया. फायर फाइटर मुबारिक अहमद ने बताया कि आग की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है. उन्होंने बताया कि सौंदर्यीकरण के लिए लगे प्लाईवुड समेत अन्य ज्वलनशील सामग्री में पहले आग लगी, जो ऊपर लाइट के पोल तक पहुँच गई और सड़क पर मौजूद कचरे के कारण भभक उठी. दमकल कर्मियों की त्वरित कार्रवाई से कुछ ही देर में आग पर नियंत्रण पा लिया गया. हालांकि, इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है, लेकिन सौंदर्यीकरण सामग्री का काफी नुकसान हुआ है. आग लगने के कारण कोहेफिजा से लालघाटी की ओर जाने वाले रास्ते पर कुछ देर के लिए ट्रैफिक भी रुका रहा. फ्लाईओवर कोहेफिजा से लालघाटी की ओर का रास्ता तय करवाता है. इसके नीचे चौराहा है, जो वीआईपी रोड, लालघाटी, बैरागढ़ की तरफ और एयरपोर्ट रोड को जोड़ता है. नीचे बैरागढ़ की ओर जाने वाले रास्ते में यह आग लगी थी.
बता दें कि नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) द्वारा इस फ्लाईओवर के नीचे एसीपी और सीएनसी (कम्प्यूटर न्यूमैरिक कंट्रोल) पद्धति का उपयोग करके वुडन फिनिश में सौंदर्यीकरण किया गया था. लालघाटी चौराहे पर पेंटिंग की थीम राजा भोज पर आधारित है. यहां खूबसूरत लाइटिंग भी की गई है.
—————
(Udaipur Kiran) / नेहा पांडे
