Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
ENTERTAINMENT

प्रभास की नई फिल्म का पहला पोस्टर आया सामने

पोस्टर - फोटो सोर्स एक्स

साउथ सुपरस्टार प्रभास इन दिनों कई बड़े प्रोजेक्ट्स को लेकर सुर्खियों में हैं। उनकी आगामी पीरियड-एक्शन फिल्म, जिसका निर्देशन हनु राघवपुडी कर रहे हैं, दर्शकों के बीच जबरदस्त चर्चा का विषय बनी हुई है। दिवाली के शुभ अवसर पर फिल्म का पहला पोस्टर जारी किया गया था, जिसने प्रशंसकों में उत्साह की लहर दौड़ा दी। वहीं अब, 22 अक्टूबर को निर्माताओं ने फिल्म का एक और प्रभावशाली पोस्टर शेयर किया है और इसके साथ घोषणा की है कि फिल्म का टाइटल 23 अक्टूबर को रिवील किया जाएगा।

नए पोस्टर ने दर्शकों की उत्सुकता को और भी बढ़ा दिया है। पोस्टर में प्रभास का पूरा लुक तो नहीं दिखाया गया, लेकिन उनकी शक्तिशाली मौजूदगी महसूस की जा सकती है। बैकग्राउंड में ग्रेट ब्रिटेन का झंडा दिखाई दे रहा है, जबकि उस पर संस्कृत श्लोक में लिखा है, पाण्डवपक्षे संस्थित कर्णः, जिसका अर्थ है कर्ण पाण्डवों के पक्ष में खड़ा है। यह लाइन अपने आप में रहस्य और गहराई समेटे हुए है, जिससे कयास लगाए जा रहे हैं कि फिल्म की कहानी ब्रिटिश शासन काल पर आधारित हो सकती है।

फिल्म इंडस्ट्री में चर्चा है कि यह प्रोजेक्ट प्रभास के करियर की सबसे महत्त्वाकांक्षी फिल्मों में से एक है, जो इतिहास, वीरता और देशभक्ति की भावना को एक नए स्तर पर पेश करेगी। अगर रिपोर्ट्स पर भरोसा किया जाए, तो फिल्म में प्रभास एक स्वतंत्रता सेनानी या भारतीय योद्धा के किरदार में नजर आ सकते हैं, जो ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ लड़ाई में एक निर्णायक भूमिका निभाता है।

इस बीच, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म रेडिट पर फिल्म से जुड़ी चर्चाएं जोरों पर हैं। वहां कई यूजर्स का दावा है कि फिल्म का संभावित टाइटल ‘फौजी’ हो सकता है। हालांकि, निर्माताओं ने इस पर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। अब सभी की निगाहें 23 अक्टूबर पर टिकी हैं, जब आखिरकार इस रहस्यमय फिल्म का नाम और शायद प्रभास का लुक भी सामने आएगा।

हनु राघवपुडी अपने शानदार विज़ुअल्स और भावनात्मक कहानी कहने की शैली के लिए जाने जाते हैं। ऐसे में प्रभास जैसे पैन-इंडिया स्टार के साथ उनकी यह जोड़ी दर्शकों के लिए एक भव्य सिनेमाई अनुभव लेकर आने वाली है। दिवाली के बाद यह पोस्टर रिलीज दर्शकों के लिए किसी त्योहारी तोहफे से कम नहीं रहा, जिसने प्रभास की नई फिल्म को लेकर उम्मीदों को नई ऊंचाइयों पर पहुंचा दिया है।

——-

(Udaipur Kiran) / लोकेश चंद्र दुबे

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *