भरतपुर पुलिस की बड़ी सफलता: बयाना में सर्राफा व्यापारी से लूट का पर्दाफाश, पांच आरोपी गिरफ्तार
जयपुर, 10 सितम्बर। भरतपुर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए बयाना में सर्राफा व्यापारी से हुई लूट की वारदात का पर्दाफाश कर दिया है। जिला पुलिस अधीक्षक दिगंत आनंद के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बयाना हरिराम कुमावत के सुपरविजन और वृताधिकारी बयाना कृष्णराज जांगिड के नेतृत्व में गठित विशेष टीमों ने इस मामले में पाँच कुख्यात अपराधियों को हिरासत में लिया है।

एसपी दिगंत आनंद ने बताया कि यह घटना 27 अगस्त की है, जब सर्राफा व्यापारी अपने प्रतिष्ठान से लौट रहे थे। सालावाद फाटक के पास अपराधियों ने उनका पीछा कर रोक लिया और गोली मारकर जेवरात व नकदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। सूचना मिलने पर विशेष टीम का गठन किया गया जिसमें बयाना, गढ़ीबाजना और सदर थानों की पुलिस शामिल थी।
जांच के दौरान 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और साइबर सेल की तकनीकी मदद ली गई। मोबाइल डम्प डाटा का विश्लेषण कर और आगरा एसओजी से समन्वय के बाद आरोपियों की पहचान की गई। लगातार पीछा करने पर 9 सितम्बर को धौलपुर-भरतपुर सीमा क्षेत्र में गढ़ीबाजना थाना इलाके में पुलिस का सामना इनसे हुआ। अपराधी अगली लूट की योजना बना रहे थे। मुठभेड़ के बाद पाँचों को दस्तयाब किया गया, जो घायल होने पर अस्पताल में भर्ती हैं।
गिरफ्तार आरोपी इस प्रकार हैं:
श्यामवीर (36) निवासी आगरा, आरिफ उर्फ आसिफ (30) निवासी आगरा, अली हुसैन (24) निवासी आगरा, राजकुमार (23) निवासी भरतपुर और सुमन (45) निवासी आगरा।
बरामदगी:
02 अवैध देशी कट्टा 315 बोर, 08 जिंदा कारतूस, 07 खाली केस, 01 पैकिट मिर्च पाउडर, 01 लोहे की रॉड, 07 मोबाइल, पल्सर और अपाचे मोटरसाइकिल तथा व्यापारी का आधार कार्ड। अपाचे बाइक 24 अगस्त को इटावा से चोरी की गई थी।
गौरतलब है कि 28 अक्टूबर 2023 को बयाना में सर्राफा व्यापारी साहिल जैन उर्फ मन्नी की हत्या कर लूट की वारदात हुई थी। उस मामले के कुछ आरोपी जमानत पर बाहर आकर फिर से सक्रिय हो गए और नया गिरोह बनाकर इस वारदात को अंजाम दिया।
इस कार्रवाई में बयाना, सदर बयाना, गढ़ीबाजना पुलिस, डीएसटी व स्पेशल टीम भरतपुर, साइबर सेल, क्यूआरटी टीम और आगरा पुलिस की एसओजी व एसटीएफ की अहम भूमिका रही। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ से अन्य बड़ी घटनाओं का भी खुलासा होगा।



