Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
DELHI

आरजू और अनमोल बिश्नोई गिरोह के पांच आरोपित गिरफ्तार

आरजू और अनमोल बिश्नोई गैंग के पकड़े गए आरोपितों की फोटो

नई दिल्ली, 17 दिसंबर (Udaipur Kiran) । दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने कुख्यात आरजू और अनमोल बिश्नोई –हैरी बॉक्सर गैंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया है। ये सभी आरोपित देश के अलग-अलग हिस्सों में हुई तीन हत्याओं में शामिल रहे हैं और दिल्ली में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।

स्पेशल सेल को पुख्ता सूचना मिली थी कि चंडीगढ़ में इंदरप्रीत सिंह उर्फ पैरी की हत्या में शामिल एक आरोपित हाल ही में दिल्ली के पहाड़गंज इलाके में देखा गया है। इस इनपुट के बाद स्पेशल सेल ने गहन फील्डवर्क और तकनीकी जांच शुरू की। मोबाइल डेटा, लोकेशन और अन्य सुरागों की कड़ी से अहम जानकारियां जुटाई गईं। इसी दौरान पता चला कि गैंग के कई सदस्य अलग-अलग जत्थों में दिल्ली पहुंच रहे हैं।

पहले चरण में स्पेशल सेल की टीम ने रिंग रोड स्थित शांति वन के पास से कुंवरबीर, संतोष उर्फ कपिल खत्री और लवप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि उनके अन्य साथी भी जल्द दिल्ली आने वाले हैं। इसके बाद पुलिस ने तुरंत रणनीति बदली और सराय काले खां बस स्टैंड के पास जाल बिछाकर पियूष पिपलानी और अंकुश सोलंकी को भी गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपितों में पियूष पिपलानी और अंकुश सोलंकी चंडीगढ़ के सेक्टर-26 में 1 दिसंबर को हुए इंदरप्रीत सिंह उर्फ पैरी हत्याकांड के मुख्य शूटर बताए जा रहे हैं। पियूष पिपलानी राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी सोनू नोल्टा की पंचकूला में हुई हत्या में भी मुख्य शूटर रहा है। वहीं संतोष उर्फ कपिल खत्री अमृतसर में सितंबर 2025 में बार व रेस्टोरेंट मालिक अशुतोष महाजन उर्फ आशु की हत्या के मामले में वांछित था। कुंवरबीर इस हत्याकांड में इस्तेमाल की गई गाड़ी का ड्राइवर था, जबकि लवप्रीत सिंह हाल ही में जमानत पर छूटकर दोबारा गैंग के संपर्क में आया था।

स्पेशल सेल के अनुसार, आरोपितों के कब्जे से चार अवैध हथियार और भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में यह भी सामने आया है कि इन सभी को दिल्ली में इकट्ठा होकर किसी बड़े और गंभीर अपराध को अंजाम देने के निर्देश मिले थे। पुलिस की समय पर कार्रवाई से राजधानी में एक संभावित बड़ी वारदात टल गई।

दिल्ली पुलिस का कहना है कि इन गिरफ्तारियों से बिश्नोई–हैरी बॉक्सर गैंग को बड़ा झटका लगा है। पकड़े गए आरोपी कम से कम तीन हाई-प्रोफाइल हत्याओं में वांछित थे। उनसे पूछताछ जारी है और गैंग के अन्य सदस्यों, हथियारों के स्रोत और पूरे नेटवर्क को उजागर करने के लिए आगे की जांच की जा रही है।

—————

(Udaipur Kiran) / कुमार अश्वनी

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *