अन्ता में पेट्रोल पंप डकैती का 6 घंटे में खुलासा: पांच डकैत गिरफ्तार, एक नाबालिग हिरासत में
जयपुर, 22 सितंबर (Udaipur Kiran News)। कोटा जिले के अन्ता थाना पुलिस ने सीसवाली रोड स्थित अंबिका पेट्रोल पंप पर हुई डकैती की वारदात का मात्र 6 घंटे में पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने पांच डकैतों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया है। हैरानी की बात यह रही कि डकैती की साजिश पेट्रोल पंप पर काम करने वाले सफाई कर्मचारी ने ही अपने दोस्तों के साथ मिलकर रची थी।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने बताया कि सोमवार सुबह सेल्समैन धनराज पोटर और आरिफ हुसैन ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि रात में सोते समय 6 नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें बंधक बनाकर 96,000 रुपये लूट लिए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश चौधरी के सुपरविजन और एसएचओ दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें एक बदमाश के हाथ में पहना पीतल का कड़ा दिखाई दिया। कर्मचारियों से पूछताछ में पता चला कि यह कड़ा पेट्रोल पंप पर काम करने वाले सफाईकर्मी लवकुश माली का है।
पुलिस ने तुरंत टारडीखेड़ा गांव में दबिश दी और तकनीकी जांच के आधार पर छह संदिग्धों को झाड़ियों में छिपा हुआ पाया। पूछताछ में सभी ने डकैती करना स्वीकार कर लिया।
जांच में सामने आया कि पेट्रोल पंप पर तीन महीने से काम कर रहे लवकुश ने अपने दोस्त प्रदीप और सियाराम के साथ मिलकर डकैती की योजना बनाई थी। इसके बाद उन्होंने गांव के ही रामदेव और एक नाबालिग को भी शामिल कर लिया। लवकुश ने दोस्तों को बताया था कि पंप पर रोजाना लाखों की बिक्री होती है। वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपियों ने 15 दिन पहले चाकू, सब्बल, रस्सी और मुखौटे खरीदे थे। उन्होंने रात 2 बजे हमला किया, जब सड़क पर आवाजाही सबसे कम थी।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रदीप सुमन (20), लवकुश सुमन (19), रामदेव सुमन (25), सियाराम सुमन (20) और एक अन्य प्रदीप सुमन (20) निवासी टारडीखेड़ा थाना अन्ता के रूप में की है। पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए उन्हें नकद इनाम देने की घोषणा की गई है।



