आकाशवाणी कोलकाता के एफएम बंगाली सेक्शन ने झुग्गी बस्तियों के बच्चों संग मनाया बाल दिवस, भोजन-शिक्षा सामग्री बांटी

झुग्गी बस्तियों के बच्चों संग आकाशवाणी कोलकाता की टीम

कोलकाता, 14 नवम्बर (Udaipur Kiran) . आकाशवाणी कोलकाता के एफएम बंगाली सेक्शन 107 एफएम रेनबो और 100.1 एफएम गोल्ड ने बाल दिवस के अवसर पर वंचित बच्चों के बीच पहुंचकर दिन को उनके लिए भी खास बना दिया. टीम ने ऐसे नन्हे बच्चों के साथ दिन बिताया, जिनमें से कई अस्थायी झुग्गी जैसे एक-छत वाले टिन शेड में रहते हैं, जबकि कुछ पढ़ाई के साथ-साथ परिवार का सहारा बनने के लिए छोटे-मोटे काम भी करते हैं. अभाव और संघर्ष उनकी रोजमर्रा की हकीकत है, जो बचपन की राह को कठिन बनाती है.

एफएम बंगाली सेक्शन की टीम बाल दिवस की सुबह उत्तर कोलकाता के शोभाबाज़ार गंगा घाट पहुंची. यहां उन्होंने वंचित बच्चों को भोजन, कॉपियां, पेंसिल, रंग और अन्य आवश्यक सामान वितरित किए. तीन से दस वर्ष की आयु के बच्चों ने टीम के साथ सोशल मीडिया के माध्यम से बातचीत की, खुलकर अपनी पसंद-नापसंद और सपनों के बारे में बताया.

कार्यक्रम से जुड़ी पहल पर बोलते हुए आकाशवाणी कोलकाता के प्रोग्राम एक्ज़िक्यूटिव और एफएम बंगाली एवं हिन्दी सेक्शन के प्रभारी सुवायन बाला ने कहा कि हम हमेशा वंचित बच्चों के बारे में सोचने और अपनी क्षमता के अनुसार उनके लिए कुछ करने का प्रयास करते हैं. इस सार्थक दिन पर एक बार फिर उनके साथ होना मेरे लिए खुशी की बात है.

एफएम बंगाली सेक्शन के रेडियो जॉकी और प्रोग्राम एक्ज़िक्यूटिव की सक्रिय उपस्थिति ने बाल दिवस की इस सुबह को बच्चों के लिए यादगार बना दिया.

(Udaipur Kiran) / ओम पराशर

Leave a Comment