पूर्व सहकारिता मंत्री आंजना का आरोप, मनरेगा को बंद करने का षड्यंत्र रच रही सरकार

चित्तौड़गढ़, 22 दिसंबर (Udaipur Kiran) । प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर सोमवार को चित्तौड़गढ़ जिला कांग्रेस ने कलेक्ट्रेट चौराहे पर धरना देकर प्रदर्शन किया। मुख्य रूप से मनरेगा योजना का नाम बदलने और अरावली पर्वत श्रृंखला की बचाने के लिए ज्ञापन दिया गया। इस दौरान पूर्व सहकारिता मंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अनुशासन समिति के अध्यक्ष उदयलाल आंजना ने केंद्र सरकार पर जम कर हमला बोला। उन्होंने मनरेगा योजना बंद करने का आरोप केंद्र सरकार पर लगाया तो साथ ही अरावली पर्वतमाला को लेकर कहा कि केंद्र सरकार को पैरवी करनी चाहिए।
चित्तौड़गढ़ जिला मुख्यालय पर पूर्व सहकारिता मंत्री आंजना ने मनरेगा योजना को लेकर सरकार की मंशा पर सवाल उठाए। आंजना ने कहा कि राज्य सरकार की स्थिति ऐसी नहीं है कि वह 40% मजदूरी नरेगा में वहन कर पाए। इस योजना को बंद करने का षडयंत्र भारत सरकार द्वारा किया जा रहा है। इसके लिए हमने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन दिया है। इसमें मांग की है कि इस योजना को इसी स्थिति में जारी रखा जाए। यह सरकार मजदूरों के हितों पर कुठाराघात कर रही है। इसके अलावा अरावली पहाड़ है, जिस पर यह खनन कार्य करेंगे या और कोई कार्य करेंगे, उस मामले में ज्ञापन दिया है। अरावली से देश का बच्चा-बच्चा जुड़ा हुआ है। पर्यावरण के लिए इतनी बारीकी से देखा जाता है। सुप्रीम कोर्ट ने इस प्रकार का कोई आदेश दिया है तो सरकार को इस पर पैरवी करनी चाहिए। अपील कर के इस आदेश को वापस लेना चाहिए। इससे कि हमारा पर्यावरण सुरक्षित रह सके।
इधर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रमोद सिसोदिया ने कहा कि अरावली कोई पहाड़ी नहीं है, जीवनदायनी है। अरावली नहीं होगी तो हमारे पानी नहीं होगा, खेती नहीं होगी। खेती नहीं होगी तो हमारा भविष्य क्या होगा। अरावली को बचाने के लिए हम सभी कार्यकर्ता एकत्रित हुए हैं और धरना दिया है। सिसोदिया ने कहा कि विकास के नाम पर जो विनाश हो रहा है, उसका विरोध करने आए हैं। विकास का मतलब यह नहीं कि आप जंगल काटे, पहाड़ तोड़े या हमारा हवा व पानी छीने। इधर, धरने पर जिला महामंत्री अहसान पठान ने बताया कि धरने पर सेवादल के राष्ट्रीय सचिव पीयूष त्रिवेदी, प्रदेश सचिव डॉ ललित बोरीवाल, ममतेश शर्मा. पारस जैन, निवर्तमान अध्यक्ष संदीप शर्मा. सुभाष शारदा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता करण सिंह सांखला, पूर्व प्रधान शक्ति सिंह, दिनेश गुर्जर. धर्मेंद्र मुंद्रडा, आजाद पालीवाल, विनोद लढ्ढा, ओबीसी प्रकोष्ठ के प्रकाश मेवदा, पार्षद रवि सोनी, शम्मी सिंह, शैलेंद्र सिंह चुंडावत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
—————
(Udaipur Kiran) / अखिल



