Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
WORLD

नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री देउवा लेंगे सक्रिय राजनीति से संन्यास, इलाज के लिए सिंगापुर जाने की तैयारी

पूर्व प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउवा

काठमांडू, 15 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री शेरबहादुर देउवा पार्टी की सक्रिय राजनीति से संन्यास लेते हुए इलाज के लिए सिंगापुर जाने की तैयारी में हैं। पार्टी की केंद्रीय समिति की बैठक में एक लिखित वक्तव्य पढ़ते हुए उन्होंने इसकी जानकारी दी ।

जेन जी विद्रोह के दौरान बुरी तरह से घायल हुए नेपाली कांग्रेस के अध्यक्ष शेरबहादुर देउवा 35 दिन बाद मंगलवार को अपने पार्टी के दफ्तर में आयोजित केंद्रीय समिति की बैठक में सहभागी हुए। उन्होंने पार्टी की जिम्मेदारी उपाध्यक्ष पूर्ण बहादुर खड़का को कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में सौंपने का फैसला किया है।

देउवा ने कहा कि पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपने के साथ ही अब समय पर महाधिवेशन के बाद नए नेतृत्व का चयन हो जाए, इसके लिए सभी को तैयारी करनी होगी। देउवा ने महाधिवेशन के बाद निर्वाचित नए अध्यक्ष को पार्टी का नेतृत्व हस्तांतरण कर देंगे।

देउवा ने अब राजनीति में सक्रिय नहीं रहने का संकेत देने के साथ ही अपने उपचार के लिए सिंगापुर जाने की बात कही है। पार्टी बैठक के बाद उन्होंने कहा कि अभी भी बहुत अधिक देर तक बैठने पर उन्हें चक्कर आने लगता है और बेहोशी छाने लगती है।

जेन जी विद्रोह के दौरान प्रदर्शनकारियों ने उनके घर में घुस कर शेरबहादुर देउवा और उनकी पत्नी आरजू देउवा पर हमले किए थे। इस दौरान उन पर खुकरी से भी हमला किया गया जिसके कारण शेर बहादुर देउवा के माथे पर 12 टांके और आरजू देउवा के गर्दन पर 8 टांके लगाए गए थे। प्रदर्शनकारियों ने पूरा उनका घर जला दिया था।

इस घटना के बाद पहली बार सार्वजनिक हुए देउवा दंपति ने इलाज के लिए सिंगापुर जाने की बात कही है। हालांकि उनके डिप्लोमेटिक पासपोर्ट को सरकार ने रद्द कर दिया है और उन दोनों के काठमांडू से बाहर जाने पर भी रोक लगा दी गई है।

—————

(Udaipur Kiran) / पंकज दास

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *