Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
WEST BENGAL

बीरभूम में पूर्व तृणमूल बूथ अध्यक्ष की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत, परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप

घटनास्थल पर लोगों की भीड़

बीरभूम, 14 दिसंबर (Udaipur Kiran) । बीरभूम जिले के कंकालीतला ग्राम पंचायत के धलटिकुड़ी गांव में पूर्व तृणमूल बूथ अध्यक्ष मदन लोहार की रहस्यमय मौत को लेकर स्थिति तनावपूर्ण हो गई है। शनिवार शाम से मदन लापता थे। रविवार सुबह धलटिकुड़ी इलाके के एक मैदान में उनका शव पड़ा मिला। खबर मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। हालांकि, स्थानीय लोगों के विरोध के कारण रविवार दोपहर तक शव को पुलिस अपने कब्जे में नहीं ले सकी थी।

रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने देखा कि धलटिकुड़ी के एक मैदान में मदन का शव पड़ा हुआ है। उनके कान से खून बह रहा था। हालांकि, स्थानीय लोगों का दावा है कि शरीर के अन्य हिस्सों पर किसी चोट का निशान नहीं है। परिवार और इलाके के लोगों का आरोप है कि मदन की योजनाबद्ध तरीके से हत्या की गई है।

खबर मिलने पर शांतिनिकेतन थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। लेकिन जब पुलिश शव को उठाने लगी तो इलाके के लोगों और मृतक के परिवार ने इसमें बाधा डाली।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक मौत की सही और निष्पक्ष जांच का आश्वासन नहीं मिलता, तब तक शव को नहीं हटाया जा सकता। उन्होंने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की भी मांग की है। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

पुलिस की ओर से बताया गया है कि मौत के वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम सहित सभी पहलुओं की जांच की जाएगी। हालांकि, स्थानीय लोगों के विरोध के कारण खबर लिखे जाने तक शव को बरामद नहीं किया जा सका था।

—————

(Udaipur Kiran) / धनंजय पाण्डेय

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *