Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
WORLD

गंभीर आरोपों में फंसे अमेरिका के पूर्व राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जॉन बोल्टन जमानत पर रिहा

अमेरिका के पूर्व राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जॉन बोल्टन (बाएं)। फोटो - इंटरनेट मीडिया

वाशिंगटन, 18 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । ग्रीनबेल्ट कोर्टहाउस मैरीलैंड ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पहले कार्यकाल में उनके राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार रहे जॉन बोल्टन को शुक्रवार को निजी मुचलके पर जमानत पर रिहा कर दिया। वह इन दिनों ट्रंप के मुखर आलोचक हैं। पूर्व राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार पर गोपनीय जानकारी का दुरुपयोग करने का आरोप है। उन्होंने अदालत में आत्मसमर्पण करते हुए निर्दोष होने की दलील दी।

द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, 76 वर्षीय बोल्टन ने अदालत में अपना पक्ष रखा। उन्होंने सुनवाई के दौरान कहा कि अति गोपनीय राष्ट्रीय रक्षा जानकारी प्रसारित करने और उसे अपने पास रखने के 18 मामलों में वह पूरी तरह निर्दोष हैं। जज टिमोथी सुलिवन ने बोल्टन को निजी मुचलके पर जमानत प्रदान करते हुए रिहा कर दिया। जज ने अगली सुनवाई की तारीख 21 नवंबर तय की।

उल्लेखनीय है कि हाल के हफ्तों में आपराधिक आरोपों का सामना करने वाले ट्रंप के तीसरे मुखर विरोधी बोल्टन पर गुरुवार को अभियोग लगाया गया। इसमें उन पर दो अनधिकृत व्यक्तियों के साथ ई-मेल के जरिए गोपनीय फाइलें साझा करने का आरोप है।

बोल्टन ने रिहा होने के बाद पत्रकारों से बात नहीं की, लेकिन गुरुवार को एक बयान में उन्होंने आरोपों को खारिज करते हुए कहा था कि वे न्याय विभाग को हथियार बनाने का नवीनतम निशाना बन गए हैं। बोल्टन पर अभियोग न्यूयॉर्क की अटॉर्नी जनरल लेटिटिया जेम्स और पूर्व एफबीआई निदेशक जेम्स कॉमी के खिलाफ आपराधिक आरोप दायर करने के बाद लगाया गया है।

66 वर्षीय जेम्स पर 9 अक्टूबर को वर्जीनिया में बैंक धोखाधड़ी और 2020 में नॉरफॉक, वर्जीनिया में खरीदी गई एक संपत्ति से संबंधित झूठे बयान देने के आरोप में है। 64 वर्षीय कॉमी ने 8 अक्टूबर को कांग्रेस को झूठे बयान देने और कांग्रेस की कार्यवाही में बाधा डालने के आरोपों में खुद को निर्दोष बताया।

ट्रंप ने हाल ही में सोशल मीडिया पोस्ट में अटॉर्नी जनरल पाम बॉन्डी से सार्वजनिक रूप से जेम्स, कॉमी और अन्य लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने का आग्रह किया था। ट्रंप ने ट्रुथ सोशल में बोल्टन का जिक्र तो नहीं किया, लेकिन उन्होंने पहले भी अपने पूर्व सहयोगी पर निशाना साधा था और जनवरी में व्हाइट हाउस लौटने के तुरंत बाद सुरक्षा व्यवस्था वापस ले ली थी। ट्रंप ने गुरुवार को बोल्टन को बुरा आदमी कहा।

बोल्टन ने द रूम व्हेयर इट हैपेंड नामक आलोचनात्मक किताब लिखकर ट्रंप को नाराज कर दिया है। वह यह तक कह चुके हैं कि ट्रंप राष्ट्रपति बनने के योग्य नहीं। जनवरी से ट्रंप ने कथित राजनीतिक दुश्मनों के खिलाफ कई दंडात्मक कदम उठाए हैं।

—————

(Udaipur Kiran) / मुकुंद

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *