फरीदाबाद : शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर ठगी, चार आरोपित गिरफ्तार

फरीदाबाद, 24 दिसंबर (Udaipur Kiran) । शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर करीब आठ लाख रुपये की ठगी मामले में साइबर थाना सैंट्रल पुलिस ने खाता उपलब्ध करवाने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में पाँच आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि सेक्टर-34, फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना सैंट्रल में शिकायत दर्ज कराई थी कि ठगों ने उसके पिता से व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क कर ईएलवीएन इंस्टीच्यूट नामक एक एप डाउनलोड करवाया तथा शेयर मार्केट में निवेश का झांसा दिया। ठगों के कहने पर उसके पिता ने कुल सात लाख 92 हजार रुपए का निवेश किया, लेकिन कुछ समय बाद उक्त एप बंद हो गई और ठगी का एहसास हुआ। शिकायत के आधार पर साइबर थाना सैंट्रल में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। साइबर थाना सैंट्रल की टीम ने कार्रवाई करते हुए गगनदीप निवासी तिलक नगर पश्चिम दिल्ली, आनन्द प्रकाश सिंह निवासी गांव चोखडा सलामतपुर जिला जौनपुर उ.प्र., नितिन सिंह निवासी गांव बरहपुर कुंवर हरेया जिला बस्ती उत्तर प्रदेश व आशीष वासी साउथ सिटी लखनऊ उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि चारों आरोपी मिलकर ठग के लिए खाता उपलब्ध करवाने का काम करते थे, आरोपियों ने मामले में पहले गिरफ्तार खाताधारक कपिल का खाता लेकर आगे ठगों को उपलब्ध करवाया था। चारों आरोपी आपस में दोस्त है। आरोपियों को बुधवार अदालत में पेश कर पांच दिन पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
(Udaipur Kiran) / -मनोज तोमर



