Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
HARYANA

झज्जर में लूट के चार आरोपी गिरफ्तार,29 लाख व दो गाड़ियां बरामद

39 लाख रुपये लूट के मामले में गिरफ्तार किए गए चारों आरोपी पुलिस हिरासत में।

पीड़ित का भतीजा निकला लूट का मास्टर मांइड

झज्जर, 29 दिसंबर (Udaipur Kiran) । झज्जर पुलिस ने बीते शुक्रवार की रात को कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेस-वे पर हुई 39 लाख रुपये की लूट के मामले का खुलासा कर दिया है। इस संबंध में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और उनके कब्जे से 29 लाख रुपये से अधिक की राशि बरामद कर ली गई है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई दो गाड़ियां भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले ली हैं।

पुलिस आयुक्त डॉ. राजश्री सिंह ने सोमवार को यहां प्रेस वार्ता में बताया कि थाना आसौदा पुलिस और सीआईए-1 बहादुरगढ़ की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 12 घंटे के भीतर चार आरोपियों को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। यह वारदात उस समय हुई जब पीड़ित करनाल से नकदी लेकर आ रहा था। केएमपी पर दो गाड़ियों में सवार 5-6 युवकों ने पीड़ित की स्विफ्ट डिजायर कार को रोककर उसके साथ मारपीट की और कार की डिग्गी से करीब 39 लाख रुपये की नकदी लूट ली।

पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि इस लूटकांड का मास्टरमाइंड पीड़ित का भतीजा ही था, जो अपने अन्य साथियों को मोबाइल फोन के माध्यम से पीड़ित की लाइव लोकेशन भेज रहा था, जिसके आधार पर वारदात को अंजाम दिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहिल उर्फ सुनील निवासी ईस्माईलपुर (झज्जर), सन्नी निवासी खेतावास (गुरुग्राम), अमित निवासी बुढेडा चन्दु (गुरुग्राम) और वंश निवासी सरढाणा (गुरुग्राम) के रूप में हुई है। गिरफ्तार किए गए चारों आरोपी स्नातक तक पढ़े लिखे हैं। पुलिस ने साहिल को केएमपी हाईवे के पास से, जबकि अन्य तीन आरोपियों को फरुखनगर-बादली रोड से गिरफ्तार किया। सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर 29.10 लाख रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त दो गाड़ियां बरामद की गई हैं। मामले की आगे की जांच जारी है।

—————

(Udaipur Kiran) / शील भारद्वाज

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *