Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
CRIME

सिरसा: अपहरण के बाद चार साल की बच्ची की हत्या

घटनास्थल पर पहुंची डबवाली की एसपी।
सीसीटीवी फुटेज में आरोपी बच्ची को ले जाते हुए।

सिरसा, 17 दिसंबर (Udaipur Kiran) । सिरसा जिले उपमंडल डबवाली कस्बे के गांव रामपुरिया बिश्रोइयां में चार वर्षिय बच्ची के अपहरण के बाद हत्या कर दी गई। पुलिस ने बुधवार सुबह माइनर से शव बरामद कर लिया है। सूचना मिलने पर डबवाली की एसपी निकिता खट्टर घटनास्थल पर पहुंची और परिजनों को आश्वासन दिया कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं परिजनों ने मामले में संलिप्त सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग के बाद ही शव का अंतिम संस्कार करने की बात कही है।

परिजनों के मुताबिक चार वर्षीय बच्ची मंगलवार शाम को घर के बाहर खेल रही थी। तभी पड़ोस में रहने वाला एक युवक उसे चीज दिलाने के बहाने अपने साथ ले गया। परिजनों के अनुसार बाइक पर बच्ची को ले जाने वाला युवक पड़ोसी परिवार का रिश्तेदार है। देर शाम तक बच्ची घर नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसके बाद गांव में मुनादी करवाई गई और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही मंगलवार रात्रि को पुलिस मौके पर पहुंची और सर्च अभियान शुरू किया।

डीएसपी हेडक्वार्टर कपिल अहलावत, थाना सदर प्रभारी शैलेंद्र कुमार, अपराध शाखा, साइबर सेल, डॉग स्क्वायड और कमांडो दस्तों सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी पूरी रात गांव में तैनात रहे। सीसीटीवी खंगालने पर आरोपी ने यह सारा घटनाक्रम बताया। परिजनों ने आरोपी युवक सहित पड़ोसी परिवार पर कई आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि जब तब सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी, तब तक वे अंतिम संस्कार नहीं कराएंगे।

थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि बुधवार सुबह बच्ची का शव गांव से बाहर छोटी माइनर से बरामद कर लिया गया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए नागरिक अस्पताल में भिजवा दिया है। उन्होंने बताया कि इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक अन्य को हिरासत में लिया गया है। उन्होंने बताया कि हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है।

उधर, जननायक जनता पार्टी के युवा प्रदेशाध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने डबवाली में चार साल की मासूम बच्ची की अपहरण के बाद हत्या किए जाने की घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे पुलिस की घोर लापरवाही व प्रशासनिक संवेदनहीनता का नतीजा बताया है। दिग्विजय सिंह चौटाला ने कहा कि परिजनों द्वारा समय पर छोटी बच्ची के अपहरण की शिकायत और वीडियो फुटेज देने के बावजूद पुलिस ने उसे तत्काल तलाशने का कोई प्रयास नहीं किया।

—————

(Udaipur Kiran) / Dinesh Chand Sharma

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *