Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

नौगांवा में बड़ा हादसा: बकरी चराने गए चार युवक चट्टान के नीचे दबे, तीन की मौत, एक गंभीर

Alwar Naugawa accident

अलवर, 4 सितंबर (Udaipur Kiran News)। राजस्थान के अलवर जिले में नौगांवा थाना क्षेत्र के रघुनाथगढ़ पंचायत के काला घाटा की पहाड़ी गुरुवार को अचानक खिसक गई। इस हादसे में बकरियां चराने गए चार युवक चट्टान के नीचे दब गए। तीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है।

थानाधिकारी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि दोपहर करीब 12 बजे गांव के शाकिर पुत्र इलियास (25), रकीब पुत्र इलियास (27), जुबेर पुत्र पहलू (25) और जाहिद पुत्र रमजान पहाड़ी पर बकरियां चरा रहे थे। तेज धूप से बचने के लिए वे पेड़ के नीचे बैठे थे कि अचानक 25 फीट ऊंचाई से भारी चट्टान मलबे के साथ गिर गई और चारों उसकी चपेट में आ गए।

घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर जेसीबी मंगवाई और मलबा हटाकर युवकों को बाहर निकाला। तब तक तीन की मौत हो चुकी थी। गंभीर घायल जाहिद को नौगांवा अस्पताल से अलवर रेफर किया गया है।

मृतकों में शाकिर और रकीब सगे भाई बताए जा रहे हैं, जबकि जुबेर उनका रिश्तेदार था। हादसा घर के पीछे ही स्थित पहाड़ी पर हुआ, जिससे गांव में मातम पसर गया।

घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी सुनील कुमार शर्मा और एसडीएम अनिल मीणा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर नौगांवा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया और पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई शुरू की।

गांव में इस दर्दनाक हादसे से गहरा शोक है। लोग अब भी सदमे में हैं कि कुछ ही क्षण पहले हंसते-खेलते बैठे युवक अचानक चट्टान की चपेट में कैसे आ गए। कई घरों में तो शोक में चूल्हे तक नहीं जले।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *