Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
WEST BENGAL

अलीपुर नाबालिग मृत्यू कांड में अटकलें और आशंकाओं की भरमार, जांच जारी

संजना

कोलकाता, 22 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । दक्षिण कोलकाता के अलीपुर में अलमारी से एक नाबालिग छात्रा का शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी व्याप्त है। मृतका की पहचान संजना सिंह (उम्र लगभग 10 वर्ष) के रूप में हुई है, जो आर.जी. कर मेडिकल कॉलेज की महिला चिकित्सक से दुष्कर्म और हत्या के दोषी संजय राय की भांजी थी।

पुलिस को प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिल गई है, जिसमें आत्महत्या की आशंका जताई गई है। रिपोर्ट के अनुसार, संजना का शव अलमारी के अंदर एक हेंगर से आंशिक रूप से लटका हुआ मिला था।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतका के पिता भोला सिंह और सौतेली मां पूजा राय से पूछताछ के लिए उन्हें अलीपुर थाने ले जाया गया है। भोला पेशे से एक निजी सुरक्षा एजेंसी में काम करते हैं और अक्सर बाहर रहते हैं। वहीं, पूजा राय कोलकाता पुलिस में कार्यरत हैं।

संजना, भोला सिंह और बबीता राय की बेटी थी। बबीता, दोषी संजय राय की बड़ी बहन थीं। करीब एक साल पहले बबीता की मृत्यु हो गई, जिसके बाद भोला ने उसकी छोटी बहन पूजा राय से विवाह कर लिया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, परिवार में अक्सर विवाद होते रहते थे। पड़ोसियों का आरोप है कि भोला अपनी वृद्ध मां को पीटते थे और बेटी पर भी अत्याचार करते थे। वहीं, दूसरी पत्नी पूजा पर भी सौतेली बेटी के साथ शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगे हैं। घटना के बाद मोहल्ले में आक्रोश फैल गया है और लोगों ने दोनों पति-पत्नी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की दिशा में ही संकेत मिल रहे हैं, हालांकि यह भी जांच की जा रही है कि आखिर 10 वर्ष की बच्ची ने खुदकुशी जैसा कदम क्यों उठाया। अलमारी के अंदर से बरामद दुपट्टे को जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।

इधर, बुधवार दोपहर पूजा राय ने खुद पर लगे आरोपों से इनकार किया और कहा कि उन्होंने अपनी बेटी की हत्या नहीं की, बल्कि संजना ने खुद आत्महत्या की। उन्होंने बताया कि सोमवार रात घर लौटने पर जब बेटी नहीं दिखी, तब खोजबीन के दौरान अलमारी में उसका शव लटका मिला।

अलीपुर थाना पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। इलाके में अब भी तनाव का माहौल बना हुआ है। लोगों ने भोला और पूजा दोनों को मंगलवार को पीटा भी था जिसके बाद पुलिस ने उन्हें बचाया था।

(Udaipur Kiran) / ओम पराशर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *