Skip to content
Saturday, 31 October 2026
BREAKING
SPORTS

एशियन यूथ गेम्स 2025 के लिए 222 सदस्यीय भारतीय दल को एमवाईएएस और साई का पूरा समर्थन

बहरीन में आगामी युवा एशियाई खेलों के लिए भारतीय कबड्डी टीम

नई दिल्ली, 18 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । बहरीन में 22 से 31 अक्टूबर तक होने वाले तीसरे एशियन यूथ गेम्स 2025 में भारत 21 खेल विधाओं में अपने 222 युवा एथलीटों के साथ दमदार उपस्थिति दर्ज कराने को तैयार है। युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय (MYAS) और भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के सहयोग से यह भारतीय दल कुल 312 सदस्यों का होगा, जिसमें 90 कोच, फिजियो और अधिकारी शामिल हैं।

भारत के 222 खिलाड़ियों में 31 एथलेटिक्स, 14 मुक्केबाज़ी, 28 कबड्डी, 16 हैंडबॉल, और 10-10 खिलाड़ी ताइक्वांडो, कुश्ती और वेटलिफ्टिंग में हिस्सा लेंगे। सबसे अधिक महिला खिलाड़ी एथलेटिक्स और हैंडबॉल से होंगी, जो देश में महिला खिलाड़ियों के बढ़ते योगदान को दर्शाता है। भारत के लिए ओलंपिक पदक विजेता योगेश्वर दत्त को इस अभियान का चेफ द मिशन नियुक्त किया गया है।

इस दल में 119 महिला और 103 पुरुष खिलाड़ी शामिल हैं, जिनमें से कई प्रतिभाएं सरकार की प्रमुख योजनाओं खेलो इंडिया, टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम (TOPS) डेवलपमेंट, और नेशनल सेंटर्स ऑफ एक्सीलेंस (NCOEs) से उभरकर सामने आई हैं। मंत्रालय ने इस पूरी टीम की भागीदारी को सरकारी खर्चे पर मंजूरी दी है। साई यात्रा, आवास, बीमा, और सेरेमोनियल किट से जुड़ा पूरा खर्च वहन करेगा।

भारत के युवा खिलाड़ी एथलेटिक्स, तैराकी, बैडमिंटन, मुक्केबाज़ी, कुश्ती, भारोत्तोलन और जूडो जैसे ओलंपिक खेलों के साथ-साथ कुराश, पेंचक सिलाट, टेकबॉल और ऊंट दौड़ जैसे उभरते खेलों में भी भाग लेंगे।

खिलाड़ियों की फिटनेस और सुरक्षा के लिए साई की मेडिकल और फिजियो टीम पूरे अभियान के दौरान उनके साथ रहेगी। टीम की शारीरिक और मानसिक तैयारी सुनिश्चित करने के साथ-साथ नेशनल एंटी-डोपिंग एजेंसी (NADA) द्वारा प्रस्थान से पहले सभी खिलाड़ियों का अनिवार्य डोप टेस्ट भी कराया जा रहा है।

एशियन यूथ गेम्स 2025 में यह भारतीय दल देश की उभरती युवा खेल प्रतिभा का प्रतीक बनकर एशिया में अपनी मजबूत पहचान बनाने के लिए तैयार है।

——————

(Udaipur Kiran) / आकाश कुमार राय

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *