Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
CRIME

बीमा पॉलिसी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 32 आरोपित गिरफ्तार

पुलिस का लोगो

नई दिल्ली, 15 दिसंबर (Udaipur Kiran) । उत्तर जिले के सराय रोहिल्ला थाना टीम ने शास्त्री नगर इलाके में चल रहे एक फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने बीमा पॉलिसी और एजेंट कमीशन रिफंड के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले इस गिरोह के तीन मास्टरमाइंड समेत कुल 32 आरोपितों को गिरफ्तार व हिरासत में लिया है। इनमें 29 टेली कॉलर शामिल हैं।

उत्तरी जिले के पुलिस उपायुक्त राजा बंथिया ने साेमवार काे बताया कि 9 दिसंबर को सराय रोहिल्ला थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि शास्त्री नगर इलाके के एक मकान में फर्जी कॉल सेंटर चलाया जा रहा है। सूचना के आधार पर बताए गए स्थान पर छापा मारा। जहां बड़ी संख्या में युवक-युवतियां फोन कॉल कर लोगों से बात करते मिले। पुलिस को देखते ही कॉल काट दिए गए।

जांच में सामने आया कि कॉल सेंटर का मास्टरमाइंड नज़र अब्बास है, जो अपने साथियों रवि और विक्की ठाकुर के साथ मिलकर इस पूरे नेटवर्क को चला रहा था। गिरोह ऐसे लोगों का डेटा जुटाता था, जिनकी बीमा पॉलिसी बंद, डिफॉल्ट या मैच्योर हो चुकी थी। फिर उन्हें आकर्षक लाभ और एजेंट कमीशन वापस दिलाने का लालच देकर ठगी की जाती थी। जैसे ही पीड़ित सहमत होता, उसे भुगतान लिंक भेज दिया जाता था।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने 45 मोबाइल फोन (फर्जी आईडी पर जारी सिम के साथ), एक लैपटॉप, हाजिरी रजिस्टर, ग्राहक रिकॉर्ड, एचडीएफसी बैंक की चेकबुक और 3.5 लाख रुपये नकद बरामद किए। जांच में यह भी सामने आया कि बरामद मोबाइल नंबरों से जुड़े कई शिकायतें अखिल भारतीय साइबर पोर्टल पर दर्ज हैं।

इस मामले में थाना सराय रोहिल्ला में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब ठगी के शिकार अन्य पीड़ितों की पहचान कर रही है और फर्जी सिम व ग्राहक डेटा उपलब्ध कराने वालों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि आगे और गिरफ्तारियां संभव हैं।

—————

(Udaipur Kiran) / कुमार अश्वनी

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *